इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर में 1 किलोवॉट जिंक-एयर बैटरी को रेंज एक्सटेंडर के रूप में किया एकीकृत, ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम
चेन्नई/उदयपुर, 26 नवंबर। स्मार्ट हलचल|देश में स्वदेशी और टिकाऊ ऊर्जा भंडारण तकनीक विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए हिंदुस्तान जिंक लिम>आईआईटी मद्रास एनर्जी समिट-2026 में किया गया। यह परियोजना हिंदुस्तान जिंक और आईआईटी मद्रास के बीच वर्ष 2024 से चल रहे अनुसंधान सहयोग का परिणाम है, जिसने अब प्रयोगशाला स्तर के अनुसंधान से आगे बढ़कर वास्तविक वाहन प्रदर्शन तक का सफर तय किया है।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद प्रवीण चक्रवर्ती, हिंदुस्तान जिंक के सीईओ एवं पूर्णकालिक निदेशक अमरेंदु प्रकाश, आईआईटी मद्रास के डीन (आईसीएसआर) प्रो. मनु संथानम तथा परियोजना प्रमुख डॉ. अरविंद कुमार चंदिरन सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
दोहरी बैटरी तकनीक पर आधारित है वाहन
यह इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर दोहरी बैटरी व्यवस्था पर कार्य करता है। वाहन में लगी लिथियम-आयन बैटरी अधिक ऊर्जा और गति की आवश्यकता को पूरा करती है, जबकि जिंक-एयर बैटरी लगातार अतिरिक्त ऊर्जा प्रदान कर वाहन की रेंज बढ़ाने में मदद करती है। जिंक-एयर बैटरी कुल ऊर्जा आवश्यकता का लगभग 10 प्रतिशत योगदान देती है।
विशेषज्ञों का मानना है कि जिंक-आधारित ऊर्जा भंडारण तकनीक भविष्य में इलेक्ट्रिक वाहनों की लागत कम करने और उनकी सुरक्षा बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
भारत के प्रचुर जिंक संसाधनों का मिलेगा लाभ
हिंदुस्तान जिंक के सीईओ एवं पूर्णकालिक निदेशक अमरेंदु प्रकाश ने कहा कि कंपनी जिंक के नए उपयोगों की लगातार खोज कर रही है ताकि इस बहुउपयोगी धातु से अधिक मूल्य सृजित किया जा सके।
“भारत में जिंक की प्रचुर उपलब्धता स्वदेशी ऊर्जा भंडारण समाधान विकसित करने का बड़ा अवसर प्रदान करती है। आईआईटी मद्रास के साथ हमारा सहयोग वैज्ञानिक अनुसंधान को व्यावहारिक समाधान में बदलने और विकसित भारत के लक्ष्य को सहयोग देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।”
क्यों खास है जिंक-एयर बैटरी?
जिंक-एयर बैटरी जिंक और वातावरण में उपलब्ध ऑक्सीजन की सहायता से बिजली उत्पन्न करती है। इसमें पानी आधारित एवं गैर-ज्वलनशील इलेक्ट्रोलाइट का उपयोग होता है, जिससे यह पारंपरिक बैटरियों की तुलना में अधिक सुरक्षित मानी जाती है।
इसके अलावा जिंक आसानी से उपलब्ध, पुनर्चक्रण योग्य और अपेक्षाकृत कम लागत वाली धातु है। यही कारण है कि इसे भविष्य की ऊर्जा भंडारण तकनीकों के लिए एक मजबूत विकल्प माना जा रहा है।
आईआईटी मद्रास ने बताया ऊर्जा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण पहल
आईआईटी मद्रास के निदेशक प्रो. वी. कामकोटी ने इस उपलब्धि पर शोध टीम को बधाई देते हुए कहा कि ऊर्जा आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कृषि और उन्नत विनिर्माण सहित हर क्षेत्र की जरूरत बन चुकी है।
“विभिन्न स्रोतों, विशेषकर नवीकरणीय ऊर्जा के उत्पादन, भंडारण और वितरण के लिए नए समाधान विकसित करना समय की आवश्यकता है। हिंदुस्तान जिंक के साथ यह साझेदारी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।”
स्वच्छ ऊर्जा परिवर्तन में जिंक की बढ़ेगी भूमिका
हिंदुस्तान जिंक अपनी एचजेडएल 2.0 रणनीति के तहत जिंक-आधारित बैटरी तकनीकों, नवीकरणीय ऊर्जा भंडारण और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के क्षेत्र में लगातार अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा दे रही है। कंपनी का लक्ष्य जिंक की उपयोगिता का विस्तार करते हुए वैश्विक स्वच्छ ऊर्जा परिवर्तन में इसकी भूमिका को और मजबूत बनाना है।
स्मार्ट हलचल ब्यूरो
उदयपुर/चेन्नई