हमीरगढ़ चामुंडा माता मंदिर की बहुचर्चित चोरी का खुलासा, भेष बदलकर 6 आरोपी गिरफ्तार

भीलवाड़ा। जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा (IPS) के आदेशानुसार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) पारस जैन के निर्देशन में हमीरगढ़ थाना पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने करीब 15 महीने पहले हमीरगढ़ के प्रसिद्ध चामुंडा माता मंदिर में हुई बहुचर्चित चोरी का पर्दाफाश करते हुए मुख्य सरगना सहित अब तक कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया 260 ग्राम सोना और 3 किलोग्राम चांदी के जेवरात भी बरामद कर लिए हैं।

20 दिनों की कड़ी मेहनत और ‘फिल्म स्टाइल’ में पड़ताल

यह मामला पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती था क्योंकि वारदात स्थल जंगल के पास होने के कारण वहां कोई सीसीटीवी (CCTV) कैमरा नहीं था, और शातिर आरोपियों ने वारदात के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल भी नहीं किया था। इस पर हमीरगढ़ थानाधिकारी श्री सुनील कुमार बेड़ा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम के हेड कांस्टेबल विशम्बर दयाल (965) और उनकी टीम ने परंपरागत पुलिसिंग का सहारा लिया। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिसकर्मियों ने अलग-अलग भेष बदले। टीम के सदस्य कभी भैंस खरीदार, कभी आइसक्रीम विक्रेता, कभी लाइनमैन तो कभी टेम्पो चालक बनकर आरोपियों के इलाकों में रेकी करते रहे। इसी कुशल रणनीति के दम पर पुलिस आखिरकार शातिर गैंग तक पहुंचने में सफल रही।

क्या था पूरा मामला?
11 फरवरी 2025 को चामुंडा माता मंदिर के पुजारी पूरण माली ने हमीरगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10-11 फरवरी की दरमियानी रात को अज्ञात चोरों ने मंदिर के गेट का ताला तोड़कर माताजी की मूर्ति का श्रृंगार, 550 ग्राम सोने के जेवरात, 5 किलो 150 ग्राम चांदी और दानपात्र चुरा लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

पुलिस ने इस मामले में चोरी की योजना बनाने वाले, अंजाम देने वाले और चोरी का माल खरीदने वाले समेत कुल 6 लोगों को सलाखों के पीछे भेजा है:

ज्ञानदास (उम्र 26 वर्ष) – निवासी: पलाना कला, थाना घासा (उदयपुर)

घनश्याम नायक (उम्र 32 वर्ष) – निवासी: फेमडिया खेड़ा, थाना सदर निम्बाहेड़ा (चित्तौड़गढ़)

राजमल उर्फ राजू कामड़ (उम्र 28 वर्ष) – निवासी: पलाना कला (उदयपुर) हाल पहुना, थाना राशमी (चित्तौड़गढ़)

देवीलाल रावत उर्फ बद्री (उम्र 28 वर्ष – गैंग का सरगना) – निवासी: गणेशपुरा पहुना, थाना राशमी (चित्तौड़गढ़)

रामलाल सालवी (उम्र 24 वर्ष) – निवासी: सुदरी, थाना गंगरार (चित्तौड़गढ़)

सागर सोनी (उम्र 33 वर्ष – चोरी का माल खरीदने वाला) – निवासी: ढोल, थाना सायरा (उदयपुर)

पुलिस टीम अब आरोपियों से अन्य वारदातों और शेष बचे जेवरातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। हेड कांस्टेबल विशम्बर दयाल की इस जांबाजी और सूझबूझ की महकमे में काफी तारीफ हो रही है।

कार्यवाही करने वाली टीम

सुनील कुमार बेड़ा (थानाधिकारी, हमीरगढ़)

विकास यादव (सहायक उपनिरीक्षक – ASI)

विशम्बर दयाल (हेड कांस्टेबल विशेष योगदान)

राहुल शर्मा (हेड कांस्टेबल)

दिनेश कुमार (कांस्टेबल)

शांतिलाल (कांस्टेबल)

बलबीर सिंह ढाका (कांस्टेबल)