शुभ मुहूर्त में पूजा-अर्चना कर ग्रहण किया पदभार, पेयजल, सफाई और महिला सशक्तिकरण पर रहेगा फोकस
भीलवाड़ा (महेन्द्र नागौरी)
स्मार्ट हलचल|जिले की मांडल ग्राम पंचायत की नवनिर्वाचित सरपंच ज्योति सुवालका ने सोमवार को शुभ मुहूर्त में पूजा-अर्चना के साथ पदभार ग्रहण किया। पंचायत सचिव विनोद सोनी ने उन्हें कार्यभार सौंपा। इस दौरान उपसरपंच, वार्ड पंच और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
पदभार संभालते ही सरपंच ने विकास का एजेंडा भी सामने रख दिया। उन्होंने पेयजल समस्या का स्थायी समाधान, नालियों की व्यवस्था, नियमित सफाई और महिलाओं की समस्याओं को प्राथमिकता देने की बात कही। बच्चों के लिए लाइब्रेरी और गार्डन विकसित करने का भी वादा किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी गांव या वार्ड के साथ भेदभाव नहीं होगा।
3474 वोटों से रचा था इतिहास
गौरतलब है कि पंचायत चुनाव 2026 में ज्योति सुवालका ने जिले की 511 ग्राम पंचायतों में सर्वाधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज की थी। उन्होंने निकटतम प्रतिद्वंद्वी ज्योति लड्ढा को 3,474 मतों से हराकर मांडल में नया रिकॉर्ड बनाया था। अब जनता की इस ऐतिहासिक जीत के बाद उनकी सबसे बड़ी परीक्षा विकास के वादों को धरातल पर उतारने की होगी।