एलपीजी की जमाखोरी व कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश-कलेक्टर ने दिए निगरानी बढ़ाने के आदेश

शिवराज बारवाल मीना
टोंक। स्मार्ट हलचल|टोंक जिला कलेक्टर कल्पना अग्रवाल ने जिले में एलपीजी गैस, डीजल और पेट्रोल की पर्याप्त उपलब्धता होने की बात कहते हुए जमाखोरी, कालाबाजारी और दुरुपयोग पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने सभी उपखंड अधिकारियों को अफवाहों से सतर्क रहने और ऐसी गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि सम्पर्क पोर्टल और हेल्पलाइन नंबरों पर दर्ज एलपीजी आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों का 24 घंटे के भीतर समाधान किया जाए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में गैस की कालाबाजारी और जमाखोरी पर कड़ी निगरानी रखने तथा दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में गैस आपूर्ति को लेकर किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने, इसके लिए प्रशासन को प्रो-एक्टिव रहकर काम करना होगा। उन्होंने प्रशासन, पुलिस और ऑयल-गैस कंपनियों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि एलपीजी सप्लाई की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। साथ ही पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर प्रतिदिन स्टॉक और आपूर्ति की निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर ने केवल ऑनलाइन बुकिंग को मान्य करने और ओटीपी के माध्यम से ही गैस वितरण करने के निर्देश दिए। साथ ही हेल्पलाइन नंबर 14435, 112 और 181 पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण के आदेश भी दिए।बैठक में एडीएम रामरतन सौकरिया, विनोद कुमार मीना, भूपेन्द्र यादव सहित सभी उपखंड अधिकारी हुकमीचंद रोहलानिया, डीएसओ और गैस व ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।