**
_लगातार वारदातों से ग्रामीणों में दहशत, पुलिस जांच में जुटी_
*खखरेरू /फतेहपुर* : स्मार्ट हलचल|थाना क्षेत्र के पौली गांव में अज्ञात चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए एक ही रात में दो घरों में नकब लगाकर लाखों रुपये का सामान पार कर दिया। लगातार हो रही चोरियों से ग्रामीणों में भय का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी शमशाद अहमद पुत्र इकबाल हसन के घर बीती रात करीब एक बजे चोरों ने बाहरी दीवार काटकर कमरे में प्रवेश किया। यहां से 32 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। अलमारी का ताला तोड़ते समय हुई आवाज से परिजन जाग गए। इस पर चोरों ने कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी और फरार हो गए। बाद में परिजनों ने रिश्तेदारों को बुलाकर दरवाजा खुलवाया।
इसी रात चोरों ने मोहम्मद फुरकान पुत्र सफीर अहमद के घर को भी निशाना बनाया। पीछे की दीवार काटकर अंदर घुसे चोर झुमकी, पायल, पांच हजार रुपये नकद और करीब डेढ़ कुंतल चावल उठा ले गए। हैरानी की बात यह रही कि नकब की जगह से महज पांच मीटर दूरी पर परिजन सो रहे थे, लेकिन उन्हें घटना की भनक तक नहीं लगी।
वहीं, शनिवार रात गांव के नासिर हुसैन पुत्र हामिद हुसैन के घर से भी चोर छह बोरी पीली सरसों उठा ले गए। बताया गया कि चोर बाउंड्री के सहारे छत पर चढ़े और वहां से वारदात को अंजाम दिया। आहट मिलने पर चोर भाग निकले।
दो दिनों में लगातार हुई चोरी की घटनाओं से गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और जल्द खुलासे की मांग की है।
थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही चोरों का पता लगाकर कार्रवाई की जाएगी।
