(हरिप्रसाद शर्मा)
अजमेर/स्मार्ट हलचल|अजमेर जिले के किशनगढ़ क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते हुए इस हादसे में एक दंपती गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसमें महिला की बाद में मौत हो गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि ट्रेलर बाइक को करीब 50 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया।
ट्रेलर के नीचे फंसी बाइक
जानकारी के अनुसार, दाधीच कॉलोनी निवासी 48 वर्षीय किरण कंवर अपने पति विक्रम सिंह के साथ बाइक पर सवार थीं। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक ट्रेलर के नीचे फंस गई, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसे घसीटते हुए आगे ले गया।
प्रत्यक्षदर्शियों की चेतावनी भी रही बेअसर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे से पहले दंपती और आसपास मौजूद लोगों ने ट्रेलर चालक को रोकने के लिए आवाज लगाई, लेकिन चालक ने न तो गति कम की और न ही वाहन रोका। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें ट्रेलर द्वारा बाइक को घसीटने का दृश्य स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है।
इलाज के दौरान महिला की मौत, पति की हालत गंभीर
हादसे में गंभीर रूप से घायल किरण कंवर को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं उनके पति विक्रम सिंह की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका उपचार जारी है।
शराब के नशे में चालक गिरफ्तार
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलने पर गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेलर चालक प्रकाश मेघवाल को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक शराब के नशे में था, जिसे हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज को भी जांच में शामिल किया गया है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।
