(हरिप्रसाद शर्मा)
जयपुर/ स्मार्ट हलचल।राजधानी जयपुर में मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने फुटपाथ पर बैठे एक परिवार को कुचल दिया। दर्दनाक हादसे में पिता और उसके तीन मासूम बेटों की मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बच्चों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। पुलिस ने चालक और खलासी की तलाश शुरू कर दी है, जो घटना के बाद मौके से फरार हो गए।
यह हादसा मंगलवार सुबह करीब 8:46 बजे श्याम नगर थाना क्षेत्र स्थित 200 फीट बाइपास, कमला नेहरू नगर में हुआ। मृतकों की पहचान राजसमंद जिले के जैतपुरा निवासी चंद्रप्रकाश (40) और उनके तीन बेटों रमेश (11), रतन (10) और दीपक (8) के रूप में हुई है। हादसे में चंद्रप्रकाश की पत्नी कैलाशी (35) गंभीर रूप से घायल हुई हैं। उनके दोनों पैर टूट गए हैं और उनका एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में उपचार चल रहा है।
गांव जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा था परिवार
पुलिस के अनुसार बागरी समाज का यह परिवार जयपुर के वैशाली नगर में किराये के मकान में रहता था और फुटपाथ पर झाड़ू बनाकर बेचकर जीविकोपार्जन करता था। मंगलवार सुबह पूरा परिवार अपने गांव जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा था और फुटपाथ पर बैठा हुआ था।
इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग तोड़ता हुआ फुटपाथ पर चढ़ गया और परिवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तीनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल चंद्रप्रकाश और कैलाशी को अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान चंद्रप्रकाश ने भी दम तोड़ दिया।
चालक-खलासी फरार, पुलिस जांच में जुटी
हादसे के बाद ट्रेलर चालक और उसका खलासी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर श्याम नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से मृतकों व घायल महिला को सड़क किनारे बने नाले से बाहर निकाला। बाद में क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को हटाकर यातायात बहाल कराया गया।
पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर चालक और खलासी की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रोला तेज रफ्तार में था। हालांकि चालक के वाहन से नियंत्रण खोने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद हादसे के वास्तविक कारणों और पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।
इस घटना पर शोक जताते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, ‘जयपुर के श्याम नगर थाना क्षेत्र के 200 फीट बाईपास पर एक तेज रफ्तार ट्रेलर द्वारा कुचले जाने से 3 बच्चों की मृत्यु का समाचार अत्यंत हृदय विदारक है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं, ईश्वर उन्हें यह आघात सहने की शक्ति प्रदान करें एवं दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना है।”
