गुजरात में भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक में जा घुसी स्लीपर बस, डूंगरपुर-बांसवाड़ा के मासूम सहित 7 लोगों की दर्दनाक मौत

वागड़ बुलेटिन | गुजरात सड़क हादसा | डूंगरपुर-बांसवाड़ा

वडोदरा-हालोल मार्ग पर कोटंबी गांव के पास तड़के हुआ हादसा, गहरी नींद में थे यात्री; लोहे की बॉडी काटकर कटर से निकाले शव, 29 घायल
संतोष त्रिवेदी (डूंगरपुर)

डूंगरपुर/वडोदरा, 17 जून 2026।स्मार्ट हलचल।गुजरात के वड़ोदरा के समीप बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में चालक-परिचालक सहित 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 29 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में एक 9 साल का मासूम बच्चा भी शामिल है। यह दर्दनाक हादसा वडोदरा-हालोल मार्ग पर कोटंबी गांव के समीप हुआ, जहां बालाजी ट्रेवल्स की तेज रफ्तार स्लीपर बस सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से जा घुसी। बस में करीब 40 यात्री सवार थे, जिनमें से अधिकांश राजस्थान के डूंगरपुर व बांसवाड़ा जिले के निवासी थे।

कटर और जेसीबी से काटी गई बस की बॉडी:

टक्कर इतनी भीषण थी कि स्लीपर बस का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्री अंदर ही मलबे में फंस गए। सूचना मिलते ही जारोद थाना पुलिस, वडोदरा फायर ब्रिगेड सहित बचाव दलों ने मौके पर पहुंचकर कटर, क्रेन व जेसीबी की मदद से बस की लोहे की बॉडी को काटा और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों व शवों को बाहर निकालकर स्थानीय चिकित्सालय पहुंचाया।

बाल-बाल बचे यात्री दिनेश ने बयां किया मंजर:
हादसे में सुरक्षित बचे यात्री दिनेश ने बताया कि तड़के जब हादसा हुआ, तब अधिकांश यात्री गहरी नींद में सो रहे थे। अचानक हुए जोरदार धमाके के बाद बस के अंदर चीख-पुकार मच गई। आगे बैठे यात्रियों को संभलने का मौका ही नहीं मिला। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, घायलों को गुजरात के स्थानीय चिकित्सालयों में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी देखरेख में जुटी है। हादसे की खबर मिलते ही वागड़ अंचल के डूंगरपुर और बांसवाड़ा जिलों में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजन वडोदरा के लिए रवाना हो गए हैं।