बारिश में गिरी दीवार के रास्ते घर में दाखिल हुए चोर, घटना के समय बाजार गए थे दंपती
खखरेरू/स्मार्ट हलचल|फतेहपुर थाना क्षेत्र के कठरिया गांव में बृहस्पतिवार दोपहर दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आई। बारिश के कारण गिरी दीवार के रास्ते घर में घुसे अज्ञात चोर पीतल के बर्तन और पंखे की मोटर समेत गृहस्थी का सामान चोरी कर ले गए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव निवासी सचिन कुमार पुत्र दिनेश चंद्र पांडेय ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12:30 बजे अज्ञात चोर घर की पिछली तरफ बारिश से गिरी दीवार के रास्ते अंदर दाखिल हुए। चोर घर में रखी पीतल की तीन कसहड़ी, तीन पीतल की परात, पीतल के गिलास और एक लोटा समेत पास में रखी पंखे की मोटर उठा ले गए।
पीड़ित के अनुसार, घटना के समय उनके पिता दिनेश चंद्र अपनी पत्नी के साथ खरीदारी करने पौली बाजार गए हुए थे। घर में छोटे बच्चे मौजूद थे, जो आगे बैठकर टीवी देख रहे थे। तेज बारिश के कारण घर का पिछला हिस्सा गिर गया था। इसी का फायदा उठाकर चोर घर में घुसे और सामान लेकर फरार हो गए।
दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना से ग्रामीणों में चिंता है। पीड़ित ने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में क्राइम इंस्पेक्टर श्यामसुंदर गिरी ने बताया कि चोरी की सूचना मिली है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।