हमीरगढ़ में ईद-उल-फितर उत्साह के साथ मनाई,नमाज के बाद गले मिलकर दिया भाईचारे का संदेश

मुकेश खटीक
मंगरोप।हमीरगढ़ कस्बे में ईद-उल-फितर का पावन पर्व पूरे उत्साह,उमंग और आपसी भाईचारे के साथ धूमधाम से मनाया गया।सुबह शहर की मस्जिदों और ईदगाह में अकीदतमंदों ने ईद की नमाज अदा की।नमाज के दौरान देश व प्रदेश की खुशहाली,अमन-चैन और तरक्की के लिए विशेष दुआएं मांगी गईं।नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर“ईद मुबारक”कहा और आपसी प्रेम व सौहार्द का संदेश दिया।इस दौरान छोटे बच्चों और युवाओं में खास उत्साह देखने को मिला।बच्चों ने नए कपड़े पहनकर ईदी प्राप्त की और दिनभर अपने मित्रों व परिजनों के साथ खुशियां मनाईं।ईद के अवसर पर घरों में विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट पकवान बनाए गए।जिनमें सेवइयां,शीरखुर्मा और अन्य मिठाइयां प्रमुख रहीं।लोगों ने अपने रिश्तेदारों,दोस्तों और पड़ोसियों को घर आमंत्रित कर मिल-बांटकर त्योहार की खुशियां साझा कीं।इससे पूर्व अंजुमन कमेटी द्वारा पेश इमाम,हाफिज साहब,बाबा साहब सहित अन्य गणमान्य लोगों का इस्तकबाल किया गया।इसके बाद जुलूस के रूप में सभी ईदगाह पहुंचे।जहां पेश इमाम ने ईद-उल-फितर की नमाज अदा करवाई।शहर के प्रमुख ईदगाह और मस्जिदों के आसपास विशेष रौनक देखने को मिली।वहीं बाजारों में भी ईद को लेकर पहले से ही चहल-पहल रही।कपड़े,जूते-चप्पल,मिठाई और सजावटी सामान की दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ी रही।त्योहार को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए।पुलिस बल तैनात रहा तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए।ईद का यह पावन पर्व प्रेम,त्याग,भाईचारे और आपसी सौहार्द का संदेश देते हुए हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।जिसने समाज में एकता और सद्भावना को और अधिक मजबूत किया।