किशनपुर क्षेत्र के युवक पर पति को अपने साथ ले जाने और तलाक की धमकी दिलाने का आरोप, ससुराल वालों पर भी प्रताड़ना का आरोप
खखरेरू/स्मार्ट हलचल|फतेहपुर थाना क्षेत्र के शिवपुरी गांव की रहने वाली एक महिला ने किशनपुर थाना क्षेत्र के गिरधरपुर गांव निवासी रमेश चंद्र नाई पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। महिला का आरोप है कि करीब दो वर्ष पहले रमेश चंद्र उसके पति को अपने साथ ले गया और उसके बाद पति के व्यवहार व रहन-सहन में बदलाव आ गया। महिला ने पति को किन्नर बनाए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे उसका परिवार बिखरने की स्थिति में पहुंच गया है।
पीड़िता लक्ष्मी देवी पत्नी सत्यजीत उर्फ रवीना किन्नर ने तहरीर में बताया कि उसकी शादी करीब छह वर्ष पहले हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। आरोप है कि किशनपुर क्षेत्र के गिरधरपुर गांव निवासी रमेश चंद्र उसके पति को अपने साथ ले गया। इसके बाद पति उसके कहने पर चलने लगा और काफी समय तक घर भी नहीं आया।
महिला के अनुसार, जब पति घर लौटा तो उसके लंबे बालों के बारे में पूछने पर उसने मनौती की बात बताई। आरोप है कि रमेश चंद्र के कहने पर उसका पति उसे तलाक देने की धमकी भी देता है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पति के किन्नर बनने के बाद ससुर चंद्रभान और सास सुरतिया देवी भी उसे परेशान कर रहे हैं।
पीड़िता ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और अपने परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।
थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि महिला की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।