जनाधार और LPG पोर्टल पर बैंक खाता अपडेट होना अनिवार्य, जिला रसद अधिकारी ने लाभार्थियों को किया अलर्ट
( महेन्द्र नागौरी)
भीलवाड़ा| स्मार्ट हलचल|मुख्यमंत्री रसोई गैस सिलेंडर सब्सिडी योजना का लाभ ले रहे उपभोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। यदि आपके बैंक खाते का विवरण जनाधार और LPG सब्सिडी पोर्टल पर अपडेट नहीं है, तो आपकी सब्सिडी की राशि अटक सकती है। डीबीटी के जरिए खाते में सब्सिडी पाने के लिए दोनों पोर्टल पर परिवार के मुखिया का सही बैंक खाता दर्ज होना अनिवार्य कर दिया गया है।
जिला रसद अधिकारी ने योजना के सभी पंजीकृत लाभार्थियों को आगाह करते हुए कहा है कि वे अपने बैंक खाते के विवरण की तत्काल जांच कर लें। जनाधार में दर्ज बैंक खाता और LPG Subsidy Portal पर अपडेट बैंक खाता एक समान एवं सही होना जरूरी है। दोनों में किसी भी तरह की गड़बड़ी होने पर सब्सिडी भुगतान प्रभावित हो सकता है।
खाता बदला है तो दोनों जगह अपडेट कराएं
यदि परिवार के मुखिया ने बैंक खाता बदल लिया है, तो केवल जनाधार में नया खाता दर्ज करवाना पर्याप्त नहीं होगा। नया बैंक खाता जनाधार के साथ-साथ LPG सब्सिडी पोर्टल पर भी अपडेट करवाना होगा। वहीं, नए पंजीकृत लाभार्थियों को योजना में मैपिंग करवाते समय ही दोनों पोर्टल पर सही बैंक विवरण दर्ज करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
यहां करें बैंक खाते की जांच और अपडेट:-
LPG सब्सिडी पोर्टल पर बैंक खाते का विवरण अपडेट करने के लिए विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक का उपयोग किया जा सकता है।
पोर्टल लिंक: https://lpgsubsidy.rajasthan.gov.in/Home/Index
विभागीय वेबसाइट: https://food.rajasthan.gov.in
जिला रसद अधिकारी ने सभी लाभार्थियों से अपील की है कि अंतिम समय की परेशानी से बचने के लिए बैंक खाते का विवरण अभी जांच लें और जरूरत पड़ने पर तत्काल संशोधन करवाएं, ताकि मुख्यमंत्री रसोई गैस सिलेंडर सब्सिडी की राशि डीबीटी के माध्यम से बिना किसी बाधा के खाते में पहुंच सके।