टीटोडा जागीर में दूसरी बार टूटी अवैध कोयले की भट्ठियां, फिर भी जब्त नहीं हुआ माल

अधिकारियों की कार्यवाही संदेह के घेरे में

मामूली कार्रवाई से माफियाओं के हौसले बुलंद, दर्जनों भट्ठियां तोड़ी गई

अलकेश पारीक

स्मार्ट हलचल|क्षेत्र के टीटोडा जागीर में अवैध कोयला कारोबार पर प्रशासन की कार्रवाई एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। प्रशासनिक टीम द्वारा दूसरी बार अवैध कोयले की भट्ठियों को तोड़ने की कार्रवाई तो की गई, लेकिन इस बार भी मौके पर मौजूद कोयला और लकड़ी को जब्त नहीं किया गया। इससे अवैध कारोबारियों के हौसले और बुलंद हो गए हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन केवल औपचारिक कार्रवाई कर अपनी जिम्मेदारी पूरी कर रहा है, जबकि अवैध कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे। क्षेत्र में दर्जनों अवैध भट्ठियां लगातार सुलग रही हैं, जिनसे पर्यावरण को नुकसान पहुंचने के साथ वन संपदा भी तेजी से नष्ट हो रही है।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले भी प्रशासन ने यहां कार्रवाई करते हुए भट्ठियां तोड़ी थीं, लेकिन माल जब्त नहीं होने और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होने से माफियाओं ने दोबारा भट्ठियां बनाकर अवैध कारोबार शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक कोयला, लकड़ी और उपकरण जब्त कर आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई नहीं होगी, तब तक यह अवैध धंधा बंद नहीं होगा।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि टीटोडा जागीर क्षेत्र में चल रहे अवैध कोयला कारोबार पर स्थायी रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में कानून का भय कायम हो सके।