एसडीएम मांडलगढ़ को सौंपे पत्र के बाद हरकत में आया प्रशासन; भू-अभिलेख निरीक्षक की मौजूदगी में हटाई गई कच्ची दीवार और पत्थर, दोबारा कब्जा करने पर दी सख्त चेतावनी
लाडपुरा, 27 मई।स्मार्ट हलचल।कस्बे के देवनारायण की बन्नी क्षेत्र में सरकारी भूमि पर पैर पसार रहे अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। यह कार्रवाई ग्रामीणों द्वारा दिए गए शिकायत पत्र पर संज्ञान लेते हुए अमल में लाई गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, लाडपुरा के ग्रामवासियों द्वारा श्रीमान उपखण्ड अधिकारी (एसडीएम) मांडलगढ़ को क्षेत्र में हो रहे अवैध अतिक्रमण के संबंध में एक ज्ञापन व शिकायत पत्र सौंपा गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपखण्ड प्रशासन के निर्देश पर बुधवार को राजस्व विभाग की टीम जांच हेतु मौके पर पहुंची।
प्रशासनिक टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर ही अवैध रूप से डाले गए पत्थरों को हटवाया और कच्ची दीवार को ध्वस्त कर अतिक्रमण हटाने की सख्त कार्रवाई की। इसके साथ ही राजस्व अधिकारियों द्वारा अतिचारी को भविष्य में सरकारी भूमि पर दोबारा कब्जा न करने के लिए कड़ाई से पाबंद किया गया और सख्त हिदायत दी गई कि यदि पुनः ऐसा प्रयास किया गया तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामवासी और राजस्व विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।
