शिवराज बारवाल मीना
टोंक/अलीगढ़। स्मार्ट हलचल|जिला पुलिस अधीक्षक टोंक राजेश कुमार मीणा (आईपीएस) के निर्देश पर इन दिनों अवैध मादक पदार्थों व हथकढ़ शराब आदि सहित आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ जिला स्पेशल टीम के साथ-साथ स्थानीय पुलिस की कार्रवाई भी लगातार तेज होती जा रही है। इसी क्रम में बुधवार, 18 मार्च की सुबह करीब 7 बजे उनियारा सर्किल में पुलिस थाना अलीगढ़ के थानाधिकारी राजकुमार चौधरी (पुलिस निरीक्षक) के निर्देशन में गठित टीम में शामिल बीट प्रभारी रामजीलाल बैरवा (हैड कांस्टेबल) के नेतृत्व में कांस्टेबल रामप्रसाद मीणा, प्रेमराज मीणा, राजूलाल सैनी सहित चालक कॉन्स्टेबल नवरतन जाट द्वारा थाना क्षेत्र के गांव मंडावरा में अवैध शराब के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान कंजर बस्ती के पास चबूतरे पर पुलिस को मौके पर मटकियों, ड्रम आदि में करीब 300 लीटर अवैध हथकढ़ वॉश बरामद हुआ तथा पास ही झाड़ियों में भट्ठियां मिली, जिन्हें तत्काल नष्ट कर दिया गया। साथ ही हथकढ़ शराब बनाने में उपयोग में लिए जा रहे उपकरणों व भट्ठियों को भी मौके पर ही तोड़कर नष्ट किया गया और पूरी कार्रवाई की विधिवत फर्द कार्यवाही तैयार की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध हथकढ़ शराब बनाने और बेचने वाले लोगों में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि मंडावरा सहित आसपास के कुछ इलाकों में लंबे समय से अवैध हथकढ़ शराब बनाने की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके चलते पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से यह दबिश दी।
*कुरीतियों से बाहर निकलने की जरूरत*
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं सहित ग्रामीणों का कहना है कि विशेषकर कंजर समाज के कुछ हिस्सों में अभी भी अवैध शराब बनाना और बेचना एक पुरानी कुरीति के रूप में बना हुआ है, जिससे समाज की छवि प्रभावित होती है और नई पीढ़ी भी गलत रास्ते की ओर बढ़ सकती है। ऐसे में जरूरी है कि समाज के जिम्मेदार लोग आगे आकर इन कुरीतियों को खत्म करने में सहयोग करें और युवाओं को शिक्षा, रोजगार और मुख्यधारा से जुड़ने के लिए प्रेरित करें।
*पुलिस का सख्त संदेश*
अलीगढ़ थानाधिकारी राजकुमार चौधरी ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जो लोग इस अवैध गतिविधि में लिप्त पाए जाएंगे उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध शराब पर रोक और समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसी कार्रवाई लगातार होती रही तो अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।
