नापाखेड़ा चरागाह पर अवैध खनन की गुंडागर्दी, ग्रामीणों का सीधा एक्शन—जेसीबी-ट्रैक्टर खदेड़े

दिलखुश मोटीस

सावर(अजमेर)@स्मार्ट हलचल|नापाखेड़ा गांव की चरागाह भूमि पर अवैध खनन कर रहे लोगों की दादागिरी शुक्रवार को उस वक्त धराशायी हो गई, जब ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर सीधा मोर्चा संभाल लिया। ग्रामीणों के तेवर देख खननकर्ताओं को अपना काम छोड़कर भागना पड़ा।जानकारी के अनुसार पाड़लिया खेजड़ी रोड स्थित हनुमान मंदिर के पीछे एक ऊंचे टीले पर दो जेसीबी मशीनों और चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से धड़ल्ले से मिट्टी की खुदाई की जा रही थी। ग्रामीण शिवलाल मीणा और गोरधन मीणा ने बताया कि जब खनन कर रहे लोगों से अनुमति के कागज मांगे गए तो वे गोलमोल जवाब देने लगे।
मामले की भनक लगते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और खनन कार्य को तुरंत रुकवा दिया। सूचना मिलते ही नापाखेड़ा सरपंच बंटी कुमार बलाई भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
खनन कर रहे लोगों ने खुद को हरियाणा का बताते हुए फार्म पॉन्ड निर्माण की स्वीकृति होने का दावा किया, लेकिन जब कागज दिखाने की बारी आई तो उनके पास कुछ भी नहीं था।
बस फिर क्या था—ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने जेसीबी मशीनों व ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके से खदेड़ दिया। इस दौरान राजेंद्र मीणा, रंगराज मीणा सहित कई ग्रामीण डटे रहे।
ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि चरागाह भूमि पर किसी भी तरह की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रशासन से भी सख्त कार्रवाई की मांग की है।