मेड़ता रोड
एजाज़ अहमद उस्मानी।
स्मार्ट हलचल।नागौर पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी के निर्देशन में अवैध खनन, अवैध परिवहन, वांछित अपराधियों की धरपकड़ तथा ध्वनि प्रदूषण के विरुद्ध नागौर पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। अलग-अलग थानों द्वारा की गई इन कार्रवाइयों में कई वाहन जब्त किए गए हैं और एक वांछित आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है।
*अवैध खनन व परिवहन पर कार्रवाई*
थाना पांचौड़ी पुलिस ने गश्त के दौरान सरहद भोजास क्षेत्र में अवैध रूप से लाईमस्टोन (चूना पत्थर) से भरे एक ट्रक और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया। इस संबंध में खनिज विभाग को सूचना दी गई है।
इसी तरह थाना थांवला पुलिस ने कोडिया मोड़ सरहद आलनिवास के पास अवैध बजरी परिवहन करते हुए एक 06 चक्का डंपर को जब्त कर खनिज विभाग को अवगत कराया।
*वांछित अपराधी गिरफ्तार, डोडा पोस्त बरामदगी का मामला*
थाना पांचौड़ी पुलिस द्वारा वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए 3000 रुपये के ईनामी आरोपी खींयाराम को गिरफ्तार किया गया।
यह वही मामला है जिसमें निमबड़ी गांव के भैरून्दा निमबड़ी तिराहे के पास एक दुर्घटनाग्रस्त काले रंग की टाटा हैरियर कार से 325 किलो 470 ग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडा पोस्त जब्त किया गया था। इस प्रकरण में थाना पादूकलां पर मामला दर्ज है और पूर्व में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
*ध्वनि प्रदूषण पर भी सख्ती*
थाना कोतवाली नागौर पुलिस ने बासनी चौराहा, कस्बा नागौर क्षेत्र में तेज आवाज में डीजे साउंड चलाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने पर कार्रवाई करते हुए डीजे साउंड सिस्टम लगी एक पिकअप गाड़ी को जब्त किया।
*लगातार कार्रवाई जारी*
नागौर पुलिस द्वारा विभिन्न मामलों में की जा रही यह कार्रवाई अवैध खनन, नशा तस्करी और ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।