भामाशाहों की अनूठी पहल: माताजी की पुण्य स्मृति में अस्पताल को दिए 10 पंखे

गर्मी में मरीजों को मिलेगी राहत, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को मिला सहयोग

संजय चौरसिया
हरनावदाशाहजी। स्मार्ट हलचल|कस्बे में सेवा, संवेदना और संस्कारों का प्रेरणादायक उदाहरण उस समय देखने को मिला, जब भामाशाह शिव शंकर नामदेव ने अपनी माताजी स्वर्गीय श्रीमती दुर्गा देवी की पुण्य स्मृति में कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को 10 पंखे सप्रेम भेंट किए। इस दौरान उनके पिता श्री रामकरण नामदेव भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. रविंद्र सिंह को पंखे सौंपे गए। इस अवसर पर उपस्थित स्टाफ एवं नागरिकों ने भामाशाहों का आभार व्यक्त करते हुए इस कार्य को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
गौरतलब है कि गर्मी के मौसम में अस्पतालों में पंखों की कमी के कारण मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में यह सहयोग मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।
भामाशाहों ने बताया कि माताजी की स्मृति में किया गया यह प्रयास समाज सेवा की भावना से प्रेरित है और भविष्य में भी वे इसी प्रकार जनहित के कार्य करते रहेंगे।
कस्बे के गणमान्य नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यदि हर सक्षम व्यक्ति इस प्रकार आगे आए तो समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है।