बजरंग आचार्य
सादुलपुर -स्मार्ट हलचल|बैंगलोर प्रवासी ख्यातिनाम समाज सेवी मुरारी लाल सरावगी तथा कोलकाता के समाजसेवी उद्योगपति कमलेश जैन का सोमवार को अभिभाषक संघ की ओर से अभिनंदन किया गया। न्यायालय परिसर में अभिभाषक सभागार में हुए उक्त समारोह में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम मुनेश चंद्र यादव एडीजे द्वितीय सागर माथुर, एसीजेएम हेमलता धानदिया तथा न्यायिक मजिस्ट्रेट अरुण कुमार जैन उपस्थित थे। यह कार्यक्रम सरावगी द्वारा संचालित श्री बिहारी लाल जैन चैरिटेबल ट्रस्ट कोलकाता बैंगलोर की ओर से न्यायालय परिसर में निर्मित करवाए गए सवा तीन लाख रुपए की लागत के जल कुंड के लोकार्पण से पूर्व किया गया। बताया गया है कि इससे पूर्व सरावगी द्वारा न्यायालय परिसर में कई लाख रुपए के शेड का भी निर्माण करवाया जा चुका है। अपने अभिनंदन से अभिभूत होकर सरावगी ने कहा कि आप प्रबुद्ध जनों का यह अपनापन और प्रेम मेरे लिए एक सौगात है। आप लोगों के इस सम्मान के सामने मेरे द्वारा किए गए कार्य बहुत छोटे प्रतीत होते हैं। सरावगी ने भविष्य में भी अभिभाषक संघ और न्यायालय परिसर के लिए आवश्यक सहयोग देने की बात कही। एडीजे यादव ने सरावगी के निष्काम सेवा कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे व्यक्तित्व समग्र समाज के लिए प्रेरणादायक होते हैं। कार्यक्रम का सफल संचालन करते हुए एडवोकेट प्रीतम शर्मा ने श्री बिहारी लाल जैन चैरिटेबल ट्रस्ट तथा सरावगी की ओर से राजगढ़ में संचालित विभिन्न सेवा योजना की जानकारी दी उन्होंने जल कुंड के निर्माण में के लिए ट्रस्ट के बैंगलोर प्रतिनिधि मनोहर गोयल तथा स्थानीय प्रतिनिधि श्याम जैन और मंगतू राम मोहता के प्रेरणादायक प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में एडवोकेट योगेंद्र सिंह ने सम्मान पत्र का वाचन किया। अभिभाषक संघ के अध्यक्ष अजीत पचार ने आभार जताते हुए कहा कि नए न्यायालय परिसर के शुरू होने से लेकर अब तक मुरारीलाल सरावगी का अभिभाषक संघ को लगातार सहयोग मिल रहा है। उन्होंने भविष्य में प्रस्तावित शेड आदि निर्माण के लिए ज्ञापन भी सौंपा। इस मौके पर श्री बिहारी लाल जैन चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से सरावगी, कमलेश जैन और श्याम जैन ने संघ के अध्यक्ष अजीत पचार को भी स्वागत स्वरूप शॉल ओढ़ाया। उन्होंने कहा कि जिस लगन से पचार न्यायालय परिसर में कार्य करवाने के लिए प्रयास कर रहे हैं वह उल्लेखनीय है। कार्यक्रम के पश्चात अधिकारियों अधिवक्ताओं और अतिथियों ने जल कुंड का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में अभिभाषक संघ के सचिव मान महेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष सुनील बसेरा, उपाध्यक्ष रोहतास महला सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं की भागीदारी रही।
इससे पूर्व चूरू रोड पर स्थित आरएसी कैंपस में भी सवा तीन लाख रुपए की लागत से बनवाए गए जल कुंड का उद्घाटन सरावगी और कमलेश जैन ने किया। इस अवसर पर कंपनी कमांडर रणवीर सिंह तथा सिपाही दिलबाग आदि ने अतिथियों का स्वागत अभिनंदन किया। दिलबाग सिंह ने अपनी ओर से भी एक सम्मान पत्र सरावगी को भेंट किया। उल्लेखनीय है कि कैंपस में जल कुंड का अभाव था अब बारिश का पानी इसमें संग्रहित हो सकेगा और उसका सदुपयोग हो सकेगा।।