स्वतंत्रता दिवस पर ट्रैफिक प्लान: शहर में बदलेगा यातायात का रूट

(महेन्द्र नागौरी)

15 अगस्त को पुलिस लाइन में समारोह, ट्रैफिक व्यवस्था रहेगी कड़ी—कॉलोनियों के लिए बदले रूट

पार्किंग के लिए अलग-अलग जोन तय, वीआईपी व मीडिया वाहनों की पार्किंग पुलिस लाइन ग्राउंड में; कई रास्तों पर रहेगा डायवर्जन

भीलवाड़ा | स्मार्ट हलचल|स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। 15 अगस्त को जिला स्तरीय मुख्य समारोह पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में आयोजित होगा। समारोह के दौरान यातायात को सुचारु रखने और आमजन को परेशानी से बचाने के लिए वाहनों की पार्किंग और रूट डायवर्जन की व्यवस्था लागू की गई है।
संतोषी माता मंदिर रोड पर अंडरब्रिज के पास दोपहिया एवं चौपहिया वाहनों की पार्किंग रहेगी। वहीं पुलिस लाइन के सामने अंडरब्रिज से खड़ेश्वरजी महाराज मंदिर की ओर जाने वाली सड़क के साइड में छात्र-छात्राओं को लाने वाली बसों के लिए पार्किंग निर्धारित की गई है। वीआईपी, विशिष्टजनों, प्रेस-मीडिया और सरकारी वाहनों की पार्किंग पुलिस लाइन ग्राउंड के भीतर होगी।
इन इलाकों के लिए बदलेगा रूट
समारोह के चलते पुलिस लाइन के आसपास की कॉलोनियों के आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। संतोष कॉलोनी, चपरासी कॉलोनी और मारुति कॉलोनी का यातायात पांडू के नाले वाले अंडरब्रिज से होकर शहर में प्रवेश करेगा। शिव नगर, विवेकानगर और पुलिस लाइन के सामने से गुजरने वाला यातायात रामनगर होकर शहर में दाखिल होगा।
वहीं खड़ेश्वरजी महाराज मंदिर की ओर से संबंधित कॉलोनियों में जाने वाला यातायात ओवरब्रिज होते हुए अजमेर चौराहा होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेगा।
पुलिस प्रशासन ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए आमजन से निर्धारित पार्किंग और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।