समर्थ कुमार सक्सेना
लखनऊ।स्मार्ट हलचल|भारत की पहली महिला म्यूज़िक टेक्नीशियन के रूप में विख्यात साजिदा खान ने ऑडियो इंजीनियरिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर देश का गौरव बढ़ाया है। तकनीकी क्षेत्र में महिलाओं के लिए नई राह प्रशस्त करने वाली साजिदा खान आज एक प्रतिष्ठित ऑडियो इंजीनियर,सामाजिक नेतृत्वकर्ता और शिक्षाविद् के रूप में जानी जाती हैं।
*राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा प्रतिष्ठित “फर्स्ट लेडीज़ अवॉर्ड” से सम्मानित किया*
वर्ष 2018 में उन्हें भारत के तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा प्रतिष्ठित “फर्स्ट लेडीज़ अवॉर्ड” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान देश की उन 112 महिलाओं को प्रदान किया गया जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में पहली उपलब्धि हासिल कर इतिहास रचा। इस उपलब्धि ने ऑडियो इंजीनियरिंग जैसे तकनीकी क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान को राष्ट्रीय पहचान दिलाई।
*प्रमुख सम्मान एवं उपलब्धियां:*
फर्स्ट लेडीज़ अवॉर्ड (2018) – भारत सरकार द्वारा “भारत की पहली महिला म्यूज़िक टेक्नीशियन” के रूप में सम्मानित।
*महिला दिवस के अवसर पर तेलंगाना सरकार द्वारा सम्मान*
तेलंगाना विशिष्ट महिला पुरस्कार (2019) – महिला दिवस के अवसर पर तेलंगाना सरकार द्वारा सम्मान।
मानद डॉक्टरेट (2019) – यूनाइटेड थियोलॉजिकल रिसर्च यूनिवर्सिटी (USA) द्वारा “डॉक्टरेट इन सोशल सर्विस”।
डॉक्टर ऑफ आर्ट्स (2023) – ग्लोबल ह्यूमन पीस यूनिवर्सिटी (नई दिल्ली) द्वारा।
डॉक्टर इन साउंड इंजीनियरिंग (2024) – रिसर्च यूनिवर्सिटी, USA द्वारा।
डॉक्टर इन सोशल सर्विस (2024) – USA थियोलॉजिकल यूनिवर्सिटी, टेक्सास द्वारा।
डॉक्टर ऑफ इंटरनेशनल रिलेशंस (2025) – GHPU, चेन्नई द्वारा प्रदान।
*साजिदा खान का नाम कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड पुस्तकों में दर्ज*
साजिदा खान का नाम कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड पुस्तकों में दर्ज है, जिनमें तेलुगु बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स (UK), हाई रेंज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स (USA) सहित अनेक प्रतिष्ठित रिकॉर्ड बुक्स शामिल हैं।
फिल्मी करियर में उन्होंने हिंदी, तेलुगु, तमिल, मलयालम और भोजपुरी भाषाओं की 60 से अधिक फिल्मों में कार्य किया है। डबिंग, साउंड डिजाइन, साउंड इफेक्ट्स और फाइनल मिक्सिंग जैसे तकनीकी क्षेत्रों में उनकी विशेषज्ञता विशेष रूप से सराही गई है। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म “Adavi Na Talli Ra” में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उनकी पहचान बनी है। उनका साक्षात्कार एवं यात्रा ‘Women in Audio’ (ऑडियो इंजीनियरिंग सोसाइटी, रूटलेज, यूके) ऑडियोबुक में शामिल है, जिसमें विश्वभर की महिला ऑडियो पेशेवरों की प्रेरक कहानियां संकलित हैं।
साजिदा खान तकनीकी शिक्षा में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की प्रबल समर्थक हैं। उनका उद्देश्य अपना स्टूडियो स्थापित कर अधिक से अधिक महिलाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करना और ऑडियो इंजीनियरिंग के क्षेत्र में लैंगिक समानता को बढ़ावा देना है।
*साजिदा खान सफल ऑडियो इंजीनियर व महिला सशक्तिकरण की सशक्त आवाज*
साजिदा खान न केवल एक सफल ऑडियो इंजीनियर हैं, बल्कि वे महिला सशक्तिकरण की सशक्त आवाज भी हैं, जो भारत में तकनीकी क्षेत्र की नई दिशा तय कर रही हैं।










