जिला पुलिस अधीक्षक की पहल पर तालेड़ा में हुआ विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन

शिविर में 102 यूनिट रक्त संग्रहित, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान

बूंदी- स्मार्ट हलचल।जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा की पहल पर रविवार को पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय तालेड़ा परिसर में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक चले इस शिविर में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, व्यापारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं तथा आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मानव सेवा का संदेश दिया।

जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित शिविर में सभी वर्गों और समुदायों के लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।
पुलिस उपाधीक्षक राजेश टेलर ने बताया कि शिविर के दौरान कुल 102 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। यह रक्त आपातकालीन परिस्थितियों में जरूरतमंद मरीजों के उपचार में उपयोगी सिद्ध होगा। बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी ने कार्यक्रम को विशेष रूप से प्रेरणादायक बना दिया।

इस अवसर पर उपखंड अधिकारी बनवारी लाल बेरवा एवं पुलिस उपाधीक्षक राजेश टेलर ने स्वयं स्वैच्छिक रक्तदान कर आमजन को रक्तदान के लिए प्रेरित किया।

रक्तदान शिविर में तालेड़ा व्यापार मंडल अध्यक्ष जितेंद्र जैन, पूर्व प्रधान राजेश रायपुरिया, मंडल अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी सहित अनेक गणमान्य नागरिकों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर रक्तदान किया।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि एक यूनिट रक्त कई लोगों का जीवन बचाने में सहायक बन सकता है। इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करना चाहिए। रक्तदान न केवल जरूरतमंदों के लिए जीवनदायी है, बल्कि यह समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं को भी मजबूत करता है।

शिविर के सफल आयोजन के लिए उपस्थित लोगों ने बूंदी पुलिस, जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों एवं सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया।