अनिल कुमार
ब्यावर/सेंदड़ा। स्मार्ट हलचल|ब्यावर जिला पुलिस ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए 10 वर्षीय मासूम बालिका के साथ हुई दुष्कर्म की घिनौनी वारदात का महज 12 घंटों के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
*टॉफी का लालच देकर खंडहर में ले गया आरोपी*
घटना दिनांक 30 मार्च 2026 की है। आरोपी महेन्द्र सिंह (पुत्र मोहन सिंह रावत, निवासी सहीपुरा श्यामपुरा) ने मासूम बालिका को टॉफी खिलाने के बहाने फुसलाया और एक सुनसान खंडहर मकान में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद परिजन पीड़िता को लहूलुहान हालत में प्राथमिक उपचार के लिए अमृतकौर चिकित्सालय, ब्यावर लेकर पहुंचे।
पुलिस की त्वरित घेराबंदी
अमृतकौर अस्पताल से रात करीब 09:30 बजे सेंदड़ा थाना पुलिस को सूचना मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक श्री रतन सिंह (IPS) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेन्द्र शर्मा (RPS) के निर्देशन में तुरंत विशेष टीमों का गठन किया गया।
*साक्ष्य संकलन* : एफएसएल (FSL) टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
तकनीकी जांच: वृत्ताधिकारी रायपुर बंशीलाल पाण्डर के सुपरविजन में थानाधिकारी हरिराम जाजुन्दा ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण शुरू किया।
*गिरफ्तारी* : पुलिस की संयुक्त टीमों ने दबिश देकर आरोपी महेन्द्र सिंह को वारदात के मात्र 12 घंटे के भीतर धर दबोचा।
कार्रवाई में शामिल जांबाज टीम
इस त्वरित खुलासे में वृत्ताधिकारी बंशीलाल पाण्डर, थानाधिकारी हरिराम जाजुन्दा सहित जिला डीएसटी टीम ब्यावर, हेड कांस्टेबल सुल्तान सिंह, कांस्टेबल अशोक कुमार और सुरेन्द्र कुमार की मुख्य भूमिका रही।
*पुलिस के अनुसार* : प्रकरण में अग्रिम अनुसंधान जारी है और आरोपी से गहनता से पूछताछ की जा रही है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय का संदेश गया है।
