रक्षाबंधन के त्यौहार के मध्यनजर बनेठा में मिठाई की दुकानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच कार्रवाई

बनेठा कस्बा क्षेत्र में मिठाइयों के नमूने लिए-जोधपुर मिष्ठान भंडार को नोटिस

शिवराज बारवाल मीना
टोंक/बनेठा। स्मार्ट हलचल|रक्षाबंधन के पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए बनेठा उप तहसील क्षेत्र में मिठाई दुकानों का निरीक्षण कर कार्रवाई की। विभागीय टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से मिठाइयों के नमूने लेकर जांच के लिए विभागीय लेबोरेट्री में भेजे हैं। त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के कारण खाद्य विभाग द्वारा विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी सत्यनारायण गुर्जर के अनुसार टीम ने कस्बा बनेठा में सैनी मावा मिठाई भंडार से मावा से निर्मित मिठाई बर्फी का नमूना लिया। वहीं बस स्टैंड स्थित जोधपुर मिष्ठान भंडार से मावा का नमूना संग्रहित किया गया। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
*निरीक्षण में अनियमितता मिलने पर नोटिस*
जोधपुर मिष्ठान भंडार के निरीक्षण के दौरान सामने आई अनियमितताओं को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सुरक्षा सूचना नोटिस जारी किया गया। विभाग ने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। राजस्थान में त्योहारों के दौरान मिठाइयों की गुणवत्ता और बिना निर्धारित जानकारी के खाद्य पदार्थों की बिक्री को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा कार्रवाई के प्रावधान हैं। नियमों के उल्लंघन पर नमूने लेने, बिक्री रोकने तथा नियमानुसार आगे की कार्रवाई का प्रावधान है।
*टीम में ये रहे शामिल*
कार्रवाई के दौरान अविनाश साहू, राजेंद्र सैनी, होमगार्ड रामेश्वर प्रसाद तथा वाहन चालक राकेश सैनी टीम में शामिल रहे।
*जिलेभर में अभियान जारी*
खाद्य सुरक्षा अधिकारी सत्यनारायण गुर्जर ने बताया कि रक्षाबंधन सहित त्योहारों के सीजन में मिलावट की रोकथाम के लिए जिलेभर में अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र सिंह चौधरी ने भी आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा को लेकर विभाग की प्राथमिकता बताया है। खाद्य विभाग की कार्रवाई से मिठाई कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से भी मिठाई खरीदते समय गुणवत्ता, साफ-सफाई और पैकिंग पर अंकित आवश्यक जानकारी की जांच करने की अपील की है।