समयबद्ध रूप से व्यवस्थाएं पूरी करने पर जोर; पशुपालकों एवं पशुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी
(हरिप्रसाद शर्मा)
पुष्कर/ अजमेर/स्मार्ट हलचल|आगामी नवंबर माह में आयोजित होने वाले पुष्कर पशु मेले की तैयारियों को लेकर पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को मेला स्थल का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मेला क्षेत्र में पशुपालकों, पशुओं तथा देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए आवश्यक सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं को लेकर मौके पर चर्चा की गई तथा सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने पर जोर दिया गया।
पशुपालन विभाग के अतिरिक्त निदेशक डॉ. नवीन परिहार ने बताया कि मेला मैदान में नई सड़क के निर्माण के कारण पशुओं एवं पशुपालकों के लिए निर्धारित प्लॉट्स के नक्शे में आवश्यक संशोधन किया जा रहा है। संशोधित नक्शे के अनुसार मेला क्षेत्र में विभिन्न व्यवस्थाओं एवं आवंटन को सुव्यवस्थित किया जाएगा, ताकि पशुपालकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।
उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान मेला क्षेत्र के मैदानी स्वरूप, आवागमन मार्ग, पशुओं के लिए निर्धारित स्थान तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं के आयोजन स्थलों सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। मेला प्रारंभ होने से पूर्व सभी मूलभूत सुविधाओं को व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. श्रीकांत खोड़वे ने बताया कि पुष्कर पशु मेले में राजस्थान सहित पड़ोसी राज्यों से बड़ी संख्या में पशुपालकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए उनके ठहरने, पेयजल, विद्युत, पशुओं के लिए पानी की खेलियां तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मेला क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त बिजली के खंभे लगाने तथा पशुओं के लिए पर्याप्त एवं सुचारु पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि पुष्कर पशु मेला राजस्थान की समृद्ध पशुपालन परंपरा एवं पशु संस्कृति का महत्वपूर्ण आयोजन है। मेले में आने वाले पशुपालकों एवं पशुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ मेला क्षेत्र में आवागमन एवं अन्य आधारभूत व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करने का कार्य प्राथमिकता से किया जा रहा है।
मेला प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर पशुपालकों एवं पर्यटकों के लिए सुव्यवस्थित, सुविधाजनक एवं बेहतर मेला अनुभव सुनिश्चित करने की दिशा में विभाग द्वारा निरंतर कार्य किया जा रहा है।
इस दौरान डॉ. रविंद्र सिंह राठौड़, डॉ. विक्रम सिंह शेखावत,डॉ. बच्चन सिंह गुर्जर, डॉ. आरुष ब्रह्मवर, डॉ.धर्मेंद्र चौधरी, डॉ. मृणाल, डॉ. श्रुतिकांत राणा, पशुधन निरीक्षक शंकर सिंह चौधरी सुखदेव चोपड़ा अंकित सहित विभाग के कार्मिक उपस्थित रहे।