मदन मोहन गर्ग
गंगापुर सिटी स्मार्ट हलचल।राज्य सरकार एवं स्वायत्त शासन विभाग के निर्देशानुसार नगर परिषद गंगापुर सिटी द्वारा आयोजित शहरी सेवा शिविर-2026 का गुरुवार को जिला प्रभारी सचिव श्रीमती शिवांगी स्वर्णकार ने निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में आमजन को दी जा रही विभिन्न सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को राज्य सरकार के निर्देशों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। उपजिला कलेक्टर एवं कार्यवाहक नगर परिषद आयुक्त बृजेन्द्र मीना ने बताया
नगर परिषद सभागार में आयोजित शिविर में वार्ड संख्या 49 से 54 तक के नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सरकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। शिविर में सफाई, स्ट्रीट लाइट, पट्टा, कृषि भूमि नियमन, लीज डीड, पुरानी आबादी एवं 69-ए योजना के पट्टे, उपविभाजन, भवन निर्माण स्वीकृति, नामांतरण, जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, मुख्यमंत्री स्वनिधि, प्रधानमंत्री स्वनिधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, जनआधार, फायर एनओसी, पेंशन, पालनहार योजना, राशन कार्ड सहित जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, सार्वजनिक निर्माण, विद्युत तथा वन विभाग सहित अन्य विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में प्राप्त शिकायतों एवं परिवादों का मौके पर ही निस्तारण भी किया गया।
शिविर के दौरान 10 पट्टे, 2 भवन निर्माण स्वीकृतियां, 3 नामांतरण, 3 प्रधानमंत्री स्वनिधि प्रकरण, 11 स्ट्रीट लाइट, 1 यूडी टैक्स, जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन के 44, घर-घर कचरा संग्रहण के 3, पूरक पोषाहार के 69, पेंशन के 3, जनआधार के 24, खाद्य सुरक्षा के 12, विद्युत विभाग के 5, सीवरेज के 5 तथा पेयजल के 7 प्रकरणों का निस्तारण किया गया।
नगर परिषद प्रशासन ने बताया कि 10 जुलाई (शुक्रवार) को शहरी सेवा शिविर-2026 के तहत वार्ड संख्या 55 से 60 तक के नागरिकों के लिए नगर परिषद सभागार में शिविर आयोजित किया जाएगा। वार्डवासियों से शिविर में उपस्थित होकर विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की गई।
निरीक्षण के दौरान जिला परिषद सवाई माधोपुर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया, पंचायत समिति गंगापुर सिटी विकास अधिकारी डॉ जगदीश गुर्जर सहित ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
