खखरेरू/फतेहपुर:स्मार्ट हलचल|धाता विकासखंड के ग्राम सभा बसवा में ग्राम प्रधान के लंबित भुगतानों को लेकर की गई शिकायत की जांच के लिए शनिवार को जिला पंचायत राज अधिकारी रामशंकर वर्मा के नेतृत्व में टीम गांव पहुंची। टीम में खंड विकास अधिकारी व एडीओ पंचायत भी शामिल रहे।
शनिवार सुबह करीब 11 बजे जांच टीम पंचायत भवन पहुंची और विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों व पंचायत सदस्यों से जानकारी लेकर मामले की पड़ताल शुरू की गई।
ग्राम प्रधान रमेश सिंह ने अधिकारियों को बताया कि पिछले चार वर्षों से सफाई कर्मी की नियुक्ति नहीं होने के कारण गांव की अधिकांश गलियां और नालियां कचरे से पटी पड़ी हैं, जिससे जलभराव की समस्या बनी रहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास कार्यों से जुड़े अभिलेख सचिव द्वारा पंचायत भवन में न रखकर अपने पास रखे जाते हैं, जिससे ग्रामीणों को कार्य योजना की जानकारी नहीं मिल पाती।
प्रधान ने यह भी आरोप लगाया कि सचिव ग्राम सभाओं की बैठकों में नियमित रूप से उपस्थित नहीं होते और केवल जीपीएस फोटो अपलोड कर औपचारिकता पूरी कर लेते हैं, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
पंचायत सदस्य वीरेंद्र सिंह ने अधूरे खरंजा निर्माण की शिकायत करते हुए कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। वहीं ग्राम प्रधान ने एक विधवा महिला की पेंशन में देरी का आरोप लगाते हुए अपने कार्यकाल के कार्यों की जांच कर लंबित भुगतान कराने की मांग की।
सामुदायिक शौचालय में तैनात केयरटेकर पूजा देवी ने बताया कि उन्हें पिछले एक वर्ष से भुगतान नहीं मिला है और शौचालय में सफाई सामग्री भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही है।
इस पर ग्राम सचिव अभय प्रताप ने बताया कि पंचायत भवन जर्जर स्थिति में है, इसलिए अभिलेखों को सुरक्षित रखने के लिए अपने पास रखा गया है। उन्होंने कहा कि उनकी तैनाती चार माह पूर्व हुई है और पूर्व के लंबित भुगतानों की जांच कर नियमानुसार भुगतान की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
डीपीआरओ रामशंकर वर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। ग्रामीणों से मिली जानकारी में कुछ कार्य बिना खुली बैठक के कराए जाने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यों को कार्ययोजना में शामिल कर नियमानुसार जांच के बाद ही भुगतान किया जाएगा।
जांच के दौरान उमेश कुमार, धर्मपाल, रामकुमार, महेंद्र कुमार, बृजेश कुमार, अनुरोध सिंह, जय सिंह, श्याम सिंह, वीरेंद्र सिंह, अतुल सिंह व रिंकू सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
