लाखेरी – स्मार्ट हलचल|भारत की पूर्व प्रधानमंत्री एवं देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर शनिवार को नगर कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उपखंड कार्यालय के पास स्थित इंदिरा गांधी चौक में कांग्रेस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने देश की ‘आयरन लेडी’ को याद करते हुए नमन किया।
सुबह ठीक 8 बजे आयोजित हुए इस कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने स्वर्गीय इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर देश की एकता, अखंडता और विकास में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया।
इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष अमित बजाज, नगर कांग्रेस अध्यक्ष चौथमल वर्मा और मंडल अध्यक्ष धर्मराज बोहरा ने इंदिरा गांधी के दृढ़ नेतृत्व और राष्ट्र सेवा के प्रति उनके समर्पण पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में वार्ड पार्षद पवन गोयनका, रुखसार पठान, महावीर सैनी, लखन झांझोट, वंदना महावर, नंद किशोर सैनी सहित कई वरिष्ठ नगर कांग्रेस पदाधिकारी, अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी और भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने देश के प्रति उनके बलिदान को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लिया।