जिला कलक्टर के निर्देश पर सभी 27 केंद्रों के कांटों का दोबारा होगा भौतिक सत्यापन
बूंदी- स्मार्ट हलचल|जिले में केशोरायपाटन उपखंड क्षेत्र के रोटेदा स्थित राजफेड खरीद केंद्र पर जिंस की अधिक तुलाई की शिकायत मिलने पर सहकारिता विभाग द्वारा तुरंत कार्यवाही की गई हैं। जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव के निर्देश पर सहकारिता विभाग ने तत्काल प्रभाव से खरीद केंद्र प्रभारी को हटा दिया हैं।किसानों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उप रजिस्ट्रार मुकेश मोहन गर्ग और केशोरायपाटन उपखंड अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचे। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों ने किसानों की मौजूदगी में ही जिंस की दोबारा तुलाई करवाई। जांच में जब एक बैग में एक किलो 400 ग्राम तौल अधिक पाया गया, तो बिना कोई देरी किए केंद्र प्रभारी को हटाकर एक नए प्रभारी को जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके साथ ही, गड़बड़ी में शामिल ठेकेदार के प्रतिनिधि और उसकी लेबर को भी खरीद केंद्र से तुरंत बाहर कर दिया गया हैं।
उन्होंने बताया कि भविष्य में किसानों के साथ किसी भी तरह की कोई अनियमितता न हो, इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। खरीद केंद्र पर तुरंत नए कांटे मंगवाए गए और उपखंड अधिकारी व किसानों की मौजूदगी में उनका भौतिक सत्यापन करवाया गया। इस संबंध में ठेकेदार और खरीद केंद्र प्रभारी को नोटिस जारी करने की कार्यवाही की जा रही है।
उन्होंने बताया कि जिला कलक्टर के निर्देश पर जिले के सभी 27 खरीद केंद्रों पर संधारित कांटों का दोबारा भौतिक सत्यापन करवाया जा रहा है। अब मार्केटिंग और सहकारिता विभाग इन सभी केंद्रों का नियमित और सघन पर्यवेक्षण करेगा, ताकि किसी भी केंद्र पर किसानों को कोई नुकसान न उठाना पड़े।
