ओम जैन
शंभूपुरा।स्मार्ट हलचल|”प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती”। सेंट्रल एकेडमी, चित्तौड़गढ़ के कक्षा 9 के छात्र एवं उभरते बैडमिंटन खिलाड़ी ईशान सेन ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए 69वीं एसजीएफआई राष्ट्रीय अंडर-14 बैडमिंटन प्रतियोगिता में टीम इवेंट में रजत पदक जीतकर जिले और राजस्थान का नाम रोशन किया है। यह प्रतियोगिता सागर मध्य प्रदेश में आयोजित की गई थी, जिसमें ईशान ने राजस्थान टीम का प्रतिनिधित्व किया।
ईशान सेन की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे विद्यालय और जिले में खुशी की लहर है। उनकी इस सफलता में निरंतर अभ्यास, अनुशासन और मानसिक दृढ़ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
विद्यालय के प्राचार्य परेश कुमार नागर ने ईशान की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि ईशान सेन की यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि प्रतिभा को सही मार्गदर्शन और अनुशासन मिले, तो वह राष्ट्रीय स्तर पर भी चमक सकती है। सेंट्रल एकेडमी को अपने इस छात्र पर गर्व है, वह आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। उन्होंने बताया कि सेंट्रल अकादमी विद्यालय खेल एवं शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उपलब्धियाँ प्राप्त करता आ रहा है। यह सफलता उसी सतत परिश्रम, अनुशासित वातावरण और समर्पित मार्गदर्शन का प्रमाण है, जिसके कारण यहाँ के विद्यार्थी हर क्षेत्र में आगे बढ़कर विद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं। विद्यालय के पीटीआई प्रशांत गावरी, हनुमान यादव और सिमी मेम के समर्पित प्रयास और मार्गदर्शन में विद्यार्थी खेल के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहे हैं और विद्यालय का नाम गौरवान्वित कर रहे हैं।
विद्यालय परिवार, शिक्षकगण एवं साथी विद्यार्थियों ने ईशान के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


