चित्तौड़गढ़।स्मार्ट हलचल|ग्राम पंचायत सावा के कंथारिया में निर्मित आईटीआई कॉलेज को शीघ्र संचालित किए जाने सहित विभिन्न अधूरे पड़े विकास कार्यों को पुनः प्रारंभ करवाने की मांग को लेकर पूर्व राज्यमंत्री सुरेन्द्र सिंह जाड़ावत के नेतृत्व में ग्राम पंचायत सावा एवं ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान जिला कलेक्टर आलोक रंजन के नाम ज्ञापन अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रभा गौतम को सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम सावा, पंचायत सावा, तहसील एवं जिला चित्तौड़गढ़ में पूर्व राज्यमंत्री सुरेन्द्र सिंह जाड़ावत द्वारा स्वीकृत करवाए गए कई महत्वपूर्ण विकास कार्य विभिन्न कारणों से अधूरे पड़े हैं, जिससे ग्रामवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन के अनुसार उपतहसील सावा में कर्मचारियों के पद स्वीकृत हो चुके हैं, लेकिन अब तक कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है। इसे शीघ्र चालू करवाने की मांग की गई है। इसी प्रकार सावा आईटीआई भवन का निर्माण पूर्ण हो चुका है, लेकिन अभी तक संबंधित विभाग को हैंडओवर नहीं किया गया है। वर्तमान में आईटीआई की कक्षाएं चित्तौड़गढ़ स्थित राजकीय आईटीआई में संचालित हो रही हैं, जिससे विद्यार्थियों को आवागमन में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने मांग की कि आईटीआई भवन को शीघ्र विभाग को सौंपकर कक्षाएं सावा में ही प्रारंभ करवाई जाएं।
इसके अलावा सावा से मीणों का कंथारिया सड़क निर्माण कार्य को बीच में ही रोक दिया गया है, जिसे पुनः शुरू करने की मांग भी ज्ञापन में की गई। साथ ही अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों को हुए नुकसान का मुआवजा शीघ्र दिलाने की मांग उठाई गई।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उक्त मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो 17 फरवरी को सावा आईटीआई भवन के बाहर धरना दिया जाएगा, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्राम पंचायत प्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
