जहाजपुर: ‘संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, धीरज गुर्जर ने भरा जोश
जहाजपुर (अलकेश पारीक / स्मार्ट हलचल)। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के “संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ” अभियान के तहत जहाजपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर ने शिरकत कर कार्यकर्ताओं में नया जोश भरा और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
बूथ मैनेजमेंट और सरकार की विफलताओं पर फोकस
बैठक को संबोधित करते हुए एआईसीसी सचिव धीरज गुर्जर ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा ही देश के लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से निजी स्वार्थ छोड़कर संगठन विस्तार में जुटने की अपील की। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में बूथ स्तर की मजबूती ही जीत का आधार बनेगी। कार्यकर्ताओं को जनता के ज्वलंत मुद्दों को उठाने और सरकार की विफलताओं को गांव-गांव व घर-घर तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
विधानसभा प्रभारी शक्ति सिंह ने लिया फीडबैक
इस अवसर पर विधानसभा प्रभारी शक्ति सिंह ने क्षेत्र की संगठनात्मक स्थिति पर फीडबैक लिया और कार्यकर्ताओं से महत्वपूर्ण सुझाव मांगे। बैठक में स्थानीय जनहित के मुद्दों पर आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ब्लॉक पदाधिकारियों और अग्रिम संगठनों के पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने इस अभियान को जमीनी स्तर पर सफल बनाने का संकल्प लिया।
