जहाजपुर: खानगढ़ पैलेस होटल पर पुलिस का बड़ा छापा, इलाज के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़; 48 गिरफ्तार, 78 कारें व 23 लाख बरामद

जहाजपुर: खानगढ़ पैलेस होटल पर पुलिस का बड़ा छापा, इलाज के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़; 48 गिरफ्तार, 78 कारें व 23 लाख बरामद

जहाजपुर, स्मार्ट हलचल (मोहम्मद आज़ाद नेब)।
भीलवाड़ा जिले के हनुमाननगर थाना क्षेत्र स्थित खानगढ़ पैलेस होटल में पुलिस ने एक बड़ी और ऐतिहासिक कार्रवाई करते हुए इलाज के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस ऑपरेशन में पुलिस ने मौके से 48 लोगों को गिरफ्तार किया है, साथ ही भारी मात्रा में नकदी और वाहनों का जखीरा बरामद किया गया है।

पुलिस की घेराबंदी और सफल ऑपरेशन

जहाजपुर वृत्ताधिकारी (CO) रेवड़मल मौर्य के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में टोंक डीएसटी की इनपुट का बड़ा योगदान रहा। पुलिस ने होटल को चारों तरफ से घेरकर अचानक छापा मारा। इस ऑपरेशन में हनुमाननगर, जहाजपुर, पंडेर, शक्करगढ़, काछोला, पारोली और शाहपुरा थानों का जाब्ता शामिल रहा।

78 गाड़ियां और 23 लाख रुपये बरामद

पुलिस की छापेमारी में मौके से 78 चार पहिया वाहन जब्त किए गए हैं, जो गिरोह के बड़े नेटवर्क की ओर इशारा करते हैं। इसके अलावा होटल से करीब 23 लाख रुपये की नकदी और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच जारी है।

इलाज के नाम पर चलता था गोरखधंधा

प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी इलाज का झांसा देकर भोले-भाले लोगों से ठगी करते थे। गिरफ्तार आरोपी राजस्थान के अलग-अलग जिलों के निवासी हैं। पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि इस गिरोह के तार और कहां-कहां जुड़े हैं और इन्होंने अब तक कितने लोगों से ठगी की है।