स्मार्ट हलचल की खबर का असर: 33 दिन बाद लाल का खेड़ा पंचायत को मिली बैठने की जगह, सरपंच ने संभाली कुर्सी

स्मार्ट हलचल की खबर का असर: 33 दिन बाद लाल का खेड़ा पंचायत को मिली बैठने की जगह, सरपंच ने संभाली कुर्सी

प्रशासन ने आवंटित प्रतीक्षालय करवाया खाली, सरपंच ने टेबल-कुर्सी लगाकर शुरू किया पंचायत संचालन; नौ गांवों के ग्रामीणों को मिली राहत की उम्मीद

जहाजपुर (स्मार्ट हलचल/अलकेश पारीक)

लाल का खेड़ा ग्राम पंचायत में निर्वाचित सरपंच को बैठने की जगह नहीं मिलने और पंचायत संचालन शुरू नहीं होने का मामला आखिरकार सुलझ गया। स्मार्ट हलचल में लगातार प्रमुखता से खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने हस्तक्षेप किया और आवंटित प्रतीक्षालय को खाली करवाया। इसके बाद आज सरपंच ने टेबल-कुर्सी लगाकर पंचायत में बैठना शुरू कर दिया।

33 दिन बाद मिला समाधान, पहले भी प्रमुखता से उठा था मुद्दा

गौरतलब है कि स्मार्ट हलचल ने पूर्व में ‘लाल का खेड़ा में 22 दिन बाद भी पंचायत संचालन शुरू नहीं, पंचायत के लिए आवंटित प्रतीक्षालय पर ई-मित्र संचालन का आरोप’ शीर्षक से खबर प्रकाशित कर प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाए थे। पंचायत चुनाव संपन्न हुए 33 दिन बीत जाने के बावजूद निर्वाचित सरपंच को पंचायत संचालन के लिए बैठने की जगह उपलब्ध नहीं हो पा रही थी। इस कारण नौ गांवों के ग्रामीणों को पंचायत संबंधी कार्यों के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

मामले को लेकर सरपंच की ओर से भी अधिकारियों को कई बार ज्ञापन देकर समस्या के समाधान की मांग की गई थी। आखिरकार प्रशासन ने जगह खाली करवाकर पंचायत संचालन का रास्ता साफ किया। आज सरपंच ने टेबल-कुर्सी लगाकर पंचायत में बैठना शुरू कर दिया।

🛑 लाल का खेड़ा पंचायत संचालन अपडेट : मुख्य बिंदु

  • 33 दिन बाद कार्रवाई: प्रशासन ने आवंटित प्रतीक्षालय खाली करवाया और सरपंच ने टेबल-कुर्सी लगाकर शुरू किया कामकाज।
  • खबर का असर: स्मार्ट हलचल में पूर्व में प्रकाशित खबर व सरपंच के ज्ञापनों के बाद हुआ समाधान।
  • ग्रामीणों को राहत: नौ गांवों के विकास कार्यों, सरकारी योजनाओं व समस्याओं के समाधान की जगी उम्मीद।

खबर के बाद बदली तस्वीर

एक तरफ जहां 33 दिनों तक पंचायत संचालन को लेकर सवाल उठते रहे, वहीं अब प्रशासनिक कार्रवाई के बाद तस्वीर बदल गई है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि अब पंचायत के नौ गांवों के विकास कार्यों, सरकारी योजनाओं और आमजन की समस्याओं का समाधान पंचायत स्तर पर हो सकेगा। स्मार्ट हलचल की खबर के बाद प्रशासनिक हस्तक्षेप से जगह खाली होना और पंचायत संचालन शुरू होना जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने की सार्थकता को दर्शाता है।