खजूरी में कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल: पेट्रोल पंप पर मारपीट के 60 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली, सीसीटीवी फुटेज और नामजद एफआईआर के बावजूद आरोपी गिरफ्त से बाहर
वारदात के साढ़े पांच घंटे बाद मौके पर पहुंची थी शकरगढ़ पुलिस; हमले में तीन लोग हुए थे घायल, बेखौफ अपराधियों के रवैये से क्षेत्रवासियों में दहशत व आक्रोश
खजूरी/जहाजपुर (स्मार्ट हलचल/अलकेश पारीक)
शकरगढ़ थाना क्षेत्र के खजूरी कस्बे में कानून व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। खजूरी स्थित अरिहंत पेट्रोल पंप पर हुई मारपीट की घटना को 60 घंटे से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन एफआईआर में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाना पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान लगा रहा है। हैरानी की बात यह है कि पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद होने की बात सामने आई है, इसके बावजूद आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
रात 11:30 बजे हुई थी वारदात, साढ़े पांच घंटे बाद सुबह 5 बजे पहुंची पुलिस
घटना मंगलवार रात करीब 11:30 बजे की है। खजूरी स्थित अरिहंत पेट्रोल पंप पर हुई इस मारपीट में तीन लोग घायल हुए थे। इनमें दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें भीलवाड़ा रेफर किया गया, जबकि एक घायल का देवली में उपचार कराया गया। घटना की गंभीरता के बावजूद पुलिस के मौके पर पहुंचने का समय भी चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय जानकारी के अनुसार वारदात के करीब साढ़े पांच घंटे बाद सुबह लगभग 5:00 बजे पुलिस मौके पर पहुंची, जिससे पुलिस की तत्परता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
🛑 खजूरी पेट्रोल पंप मारपीट प्रकरण : मुख्य बिंदु
- घटनास्थल: अरिहंत पेट्रोल पंप, खजूरी (थाना क्षेत्र शकरगढ़)।
- घायलों की स्थिति: मारपीट में 3 लोग घायल; 2 गंभीर घायल भीलवाड़ा रेफर, 1 का देवली में इलाज।
- पुलिस की देरी: रात 11:30 बजे की घटना के बाद सुबह करीब 5:00 बजे मौके पर पहुंची पुलिस।
- पुख्ता सबूत: सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई पूरी वारदात और एफआईआर में नामजद आरोपी।
- जनता की मांग: 60 घंटे बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने पर उच्च अधिकारियों से विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की मांग।
कैमरे में कैद वारदात, फिर भी गिरफ्त से दूर; पूर्व घटनाओं पर भी उठे सवाल
जब घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद है और एफआईआर में आरोपियों के नाम भी दर्ज हैं, तो फिर गिरफ्तारी में देरी क्यों हो रही है? खजूरी क्षेत्र में यह पहला मामला नहीं है, जब आपराधिक घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठे हों। पूर्व में भी मारपीट की घटनाओं के बाद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने और आरोपियों के छूटकर आने पर जश्न मनाने की चर्चाएं सामने आती रही हैं। समय रहते सख्त कार्रवाई न होने से अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त होता जा रहा है।
दीवारों पर नारा, जमीन पर कार्रवाई का इंतजार; उच्च अधिकारियों से हस्तक्षेप की मांग
पुलिस का ध्येय वाक्य ‘अपराधियों में डर, आमजन में विश्वास’ धरातल पर नजर नहीं आ रहा है। खजूरी की जनता को आश्वासन नहीं, बल्कि निष्पक्ष और ठोस कार्रवाई चाहिए। क्षेत्रवासियों ने पुलिस के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि पूरे मामले की समीक्षा कर गिरफ्तारी में देरी की वजह स्पष्ट की जाए तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर विशेष टीम गठित कर सभी नामजद आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए।