बारिश में महामारी फैलने का बढ़ा खतरा
स्थानीय प्रशासन को कहीं बार कराया अवगत लेकिन प्रशासन मौन
जयपुर। स्मार्ट हलचल।गांधी पथ, वैशाली नगर स्थित अर्पित नगर विकास समिति ने जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ,नगर निगम के आयुक्तो को पत्र लिखकर क्षेत्र में फैल रही भारी गंदगी, अवैध कब्जे और उससे उत्पन्न होने वाली बीमारियों के बड़े खतरे से अवगत कराया है। निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस पर कार्रवाई नहीं हुई, तो आगामी मानसून में स्थिति नियंत्रण से बाहर हो जाएगी और पूरा इलाका महामारी की चपेट में आ सकता है।
50-60 परिवारों का अवैध कब्जा, सुरक्षा और स्वास्थ्य दांव पर
समिति के अध्यक्ष योगेश खण्डेलवाल और सचिव अनुज रोहतगी एवं कालोनी वासियों द्वारा हस्ताक्षरित पत्र के अनुसार, अर्पित नगर से सटे वैभव नगर पर पिछले लंबे समय से करीब 100-150 बंजारा परिवारों ने अवैध कब्जा कर रखा है। सुरक्षा व्यवस्था बिगड़ने और खुले में शौच से फैलने वाली बीमारियों के डर से अर्पित नगर के निवासियों ने दोनों कॉलोनियों के बीच एक सुरक्षा दीवार भी खड़ी की है।
कचरे का अवैध डंपिंग ग्राउंड: लग रहे 35 फीट ऊंचे ढेर
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इस अवैध कब्जे वाले क्षेत्र को अब पूरे जयपुर शहर का ‘गारबेज डंपिंग यार्ड’ (कचरा डंपिंग स्थान) बना दिया गया है। वर्तमान में यहाँ 15 से 35 फीट ऊंचे कचरे के ढेर लग चुके हैं। कचरा खाली करने आने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉलियां अक्सर असंतुलित होकर पलट जाती हैं, जिससे वहां रहने वाले बच्चों के साथ गंभीर जनहानि होने की आशंका बनी रहती है।
भयंकर गंदगी और बदबू से निवासियों का जीना बेहाल
शिकायती पत्र में निवासियों ने स्वास्थ्य संबंधी खतरों और अपनी परेशानी का जिक्र करते हुए कहा है:
बीमारियों को न्योता देता खुला शौच: कचरे के ढेरों के पास सुबह के समय पुरुषों और महिलाओं द्वारा खुले में शौच किया जाता है, जिससे हवा में भयंकर बदबू और संक्रामक बीमारियों के कीटाणु फैल रहे हैं।
मॉर्निंग वॉक बंद: शर्म और भयंकर बदबू के कारण अर्पित नगर के निवासियों ने तड़के सुबह घर से बाहर निकलना और घूमना तक बंद कर दिया है।
बारिश में महामारी का डर: क्षेत्रवासियों का कहना है कि अब बारिश का मौसम शुरू होने वाला है। ऐसे में पानी भरने से यह कचरा सड़ेगा, जिससे डेंगू, मलेरिया और हैजा जैसी भयंकर महामारियां फैलने का पूरा खतरा है।
JDA से तुरंत हस्तक्षेप की मांग
अर्पित नगर विकास समिति ने इस पत्र के साथ मौके की तस्वीरें (फोटोज) भी संलग्न की हैं और JDA आयुक्त से मांग की है कि इस अवैध कब्जे और गंदगी का तुरंत भौतिक निरीक्षण कर क्षेत्र को मुक्त कराया जाए, ताकि नागरिकों के स्वास्थ्य की रक्षा हो सके।
मुख्यमंत्री,शहरी विकास मंत्री, स्थानीय विधायक एवं सरकार में उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ सहित थाना प्रभारी को भी लिखित में कालोनीवासियों द्वारा अवगत किया गया है।
