Homeराजस्थानजयपुरजयपुर में विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र में फेक्ट्री में ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से...

जयपुर में विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र में फेक्ट्री में ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से हुआ बड़ा हादसा, दो किलोमीटर दूर तक भूकंप जैसा एहसास हुआ, तीन की मौत

जयपुर । जयपुर के विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक फैक्ट्री में ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में अब तक तीन लोगों की जान जा चुकी है, जबकि कई अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तेज धमाके के कारण फैक्ट्री का टीनशेड उखड़कर दूर जा गिरा और एक दीवार पूरी तरह ढह गई। धमाका इतना जबरदस्त था कि करीब दो किलोमीटर तक इसका असर महसूस किया गया। आसपास के कई घरों और दुकानों के शीशे टूट गए, दीवारों में दरारें आ गईं और लोगों को भूकंप जैसा एहसास हुआ।

यहां हुआ हादसा

यह हादसा विश्वकर्मा इलाके के रोड नंबर 17, करणी विहार कॉलोनी में स्थित एक ऑक्सीजन सिलेंडर भरने वाली फैक्ट्री में हुआ। घटना के समय प्लांट में 100 से अधिक ऑक्सीजन सिलेंडर रखे हुए थे। इस ब्लास्ट से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया। जानकारी के अनुसार, विल्सन क्रायो गैसेज ऑक्सीजन प्लांट में हुए विस्फोट में पहले दो लोगों की मौके पर या इलाज के दौरान मौत हो गई थी। गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक ने भी 31 जनवरी की देर रात SMS हॉस्पिटल में दम तोड़ दिया।

मृतकों में ये हैं शामिल

हादसे में मजदूर मुन्ना राय (30) की मौके पर ही बेहद दर्दनाक मौत हो गई, उनके शरीर के अंग अलग-अलग हिस्सों में बिखर गए। फैक्ट्री मैनेजर विनोद गुप्ता (45) के एक पैर और हाथ का पंजा धमाके में अलग हो गया था, जिनकी इलाज के दौरान शनिवार रात करीब साढ़े दस बजे मौत हो गई। वहीं शिबू उर्फ अनुवा नागटीटी (40) ने देर रात करीब डेढ़ बजे SMS हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली।

मामले की जांच जारी

मृतकों में शिबू उर्फ अनुवा नागटीटी भोजुली, बोकारो (झारखंड) के निवासी थे। मुन्ना राय उर्फ विकास राय धनबाद (झारखंड) के लोथारिया लुकिया क्षेत्र के रहने वाले थे, जबकि विनोद गुप्ता जयपुर के मुरलीपुरा इलाके (खेतान हॉस्पिटल के पास) में रहते थे। प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है और घायलों का इलाज जारी है।

wp-17693929885043633154854019175650
RELATED ARTICLES