जनगणना 2027 की तैयारी तेज, शाहपुरा में प्रगणकों को दिया विशेष प्रशिक्षण

शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
भारत सरकार की महत्वाकांक्षी जनगणना 2027 को लेकर शाहपुरा प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चार्ज जनगणना अधिकारी एवं तहसीलदार शाहपुरा भींवराज परिहार ने बताया कि जनगणना कार्य को सुचारू एवं त्रुटिरहित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए तृतीय एवं चतुर्थ बैच का प्रशिक्षण 6 मई से 8 मई 2026 तक आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम प्र.सि.बा. राजकीय महाविद्यालय एवं पंचायत समिति परिसर में आयोजित हुआ, जहां फील्ड ट्रेनर धर्मीचन्द जैन, मनोज कुमार सोनी, नितिन जावलिया एवं अनिल घूसर ने पर्यवेक्षकों और प्रगणकों को विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया।
प्रशिक्षण के दौरान जनगणना से जुड़े तकनीकी एवं व्यवहारिक पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। इसमें मकान सूचीकरण, परिवारों की गणना, परिवार के सदस्यों का विवरण, शिक्षा स्तर, व्यवसाय, सामाजिक-आर्थिक स्थिति, जन्म एवं मृत्यु संबंधी आंकड़ों के संकलन सहित विभिन्न बिंदुओं पर विशेष मार्गदर्शन किया गया।
तहसीलदार परिहार ने कहा कि जनगणना देश की सबसे बड़ी सांख्यिकीय प्रक्रिया है, जिसके आधार पर सरकार विकास योजनाओं की रूपरेखा तैयार करती है। जनसंख्या के सही आंकड़े मिलने से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आवास, सामाजिक सुरक्षा एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार में मदद मिलती है तथा संसाधनों का उचित वितरण सुनिश्चित होता है।
उन्होंने बताया कि 1 मई से 15 मई 2026 तक स्वगणना चरण संचालित किया जा रहा है, जिसमें नागरिक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके बाद 16 मई से 15 जून 2026 तक प्रगणक घर-घर जाकर मकान सूचीकरण एवं परिवारों का डाटा एकत्रित करेंगे।
चार्ज जनगणना अधिकारी ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे सही, सटीक एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर जनगणना कार्य को सफल बनाएं, ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।