भीलवाड़ा, 22 मार्च 2026। गौ सेवा एवं पर्यावरण संरक्षण की भावना को सशक्त बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय मानव अधिकार परिषद द्वारा संचालित “जीव दया अभियान” के दूसरे चरण का शुभारंभ रविवार को अहिंसा भवन, शास्त्रीनगर में भव्य रूप से किया गया। कार्यक्रम के तहत 100 सीमेंट की पानी की टंकियां एवं गौ-पात्र का निःशुल्क वितरण कर अभियान की शुरुआत की गई, जिससे भीषण गर्मी में गौमाता एवं अन्य जीवों को राहत मिल सके।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि “गौ सेवा भारतीय संस्कृति और परंपरा का अभिन्न अंग है। राष्ट्रीय मानव अधिकार परिषद द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान अत्यंत सराहनीय है, जो पशु-पक्षियों की सेवा के साथ समाज में संवेदनशीलता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहा है।”
महंत बनवारी शरण काठिया बाबा ने अपने आशीर्वचन में कहा कि “जीव मात्र की सेवा ही सच्ची मानवता है। गर्मी के समय पानी की व्यवस्था करना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है, जिससे समाज में करुणा और धर्म की भावना सुदृढ़ होती है।”
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जीतो एपेक्स (JEAP) के वाइस चेयरमैन महावीर सिंह चौधरी एवं जेएसजी भीलवाड़ा मैन के अध्यक्ष राजेंद्र पुष्पा गोखरू ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि “जीव दया अभियान वर्तमान समय की महती आवश्यकता है। भीषण गर्मी में पशु-पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करना हम सभी का सामाजिक दायित्व है। ऐसे अभियानों से समाज में सेवा और संवेदना की भावना मजबूत होती है तथा अधिक से अधिक लोगों को इससे जुड़ने की प्रेरणा मिलती है।”
परिषद के जिला अध्यक्ष मनीष बम्ब, संरक्षक हेमंत कोठारी एवं मार्गदर्शक सीए महावीर गांधी ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत कुल 500 पानी की टंकियां एवं गौ-पात्र विभिन्न क्षेत्रों में निःशुल्क वितरित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि “हमारा उद्देश्य है कि कोई भी जीव प्यासा न रहे। समाज के सहयोग से यह अभियान निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है।”
उन्होंने बताया कि इस अभियान को सफल बनाने में समाजसेवी ललित आंचलिया, महावीर सिंह चौधरी, अनुराग बाबेल, हरीश कांकानी, सुनील बालर, एडवोकेट गौरव आचार्य, दिलीप मेहता, श्रीमती नेहा चौरड़िया, पूर्व पार्षद सुरेश बम्ब, नौरत बाफना, अभिषेक नेहा पोखरना, राजेंद्र सिंघवी, हरीश हिंदुस्तानी, अर्पित नंदावत, कमल वेशनानी, ललित बोहरा, हुकमीचंद खटोड़, दिनेश खरवड़, अर्चित गग्गड़, सुनील ज्योति टिकलिया, विपिन जैन, ज्ञानचंद पगारिया, अलका बम्ब, सुनीता गांधी, कुसुम श्रीश्रीमाल सहित अनेक समाजसेवियों का विशेष सहयोग रहा। अहिंसा भवन के अध्यक्ष अजय अजित सांड, महेंद्र सिंह छाजेड़ एवं चंदनबाला महिला मंडल अहिंसा भवन की अध्यक्ष श्रीमती संजुलता बाबेल सहित अन्य अतिथियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए अभियान की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन ललित-मधु लोढ़ा ने किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने जीव दया अभियान को और अधिक व्यापक बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का संकल्प लिया। यह आयोजन समाज में सेवा, करुणा एवं पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश देने में सफल रहा।
