भीलवाड़ा / जहाजपुर । जहाजपुर क्षेत्र में एनएच-148डी पर ग्राम नाथूँन कुरड़िया टोल टैक्स के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने हुई टक्कर में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से तीन की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई, जबकि एक युवक का अस्पताल में इलाज जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे में घायल राहुल पुत्र सरदार सिंह (उम्र 18 वर्ष), निवासी जोझर थाना शक्करगढ़ को गंभीर अवस्था में अस्पताल लाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। वहीं विशाल पुत्र हनुमान सिंह राजपूत (उम्र 19 वर्ष), निवासी जोहार तथा नरेंद्र पुत्र हरजीराम मेघवंशी, निवासी इटुंडा थाना हनुमान नगर की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। घटना में एक अन्य युवक की भी मौत हुई है, जिसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।हादसे के बाद मौके पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस पहुंची तथा यातायात को सुचारू रूप से चालू रखा गया। फिलहाल मामले की जांच जारी है। इस हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
