मुकेश खटीक
मंगरोप।ग्राम पंचायत क्षेत्र के झोपड़ियां गांव में जलजीवन मिशन योजना पूरी तरह विफल होती नजर आ रही है।बिजली विभाग के करीब 28 महीनों के बकाया लगभग 2 लाख 83 हजार रुपए के बिजली बिल का भुगतान नहीं होने के कारण विभाग ने पांच दिन पूर्व ट्यूबवेल का विद्युत कनेक्शन काट दिया।इसके चलते झोपड़ियां गांव के करीब 165 घरों में पेयजल आपूर्ति ठप हो गई है और ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों ने बताया कि बिजली विभाग के अधिकारियों द्वारा कई बार बकाया बिल जमा कराने के लिए पंचायत प्रशासन को अवगत कराया गया था।लेकिन पंचायत की ओर से इसे गंभीरता से नहीं लिया गया।आखिरकार विभाग ने कार्रवाई करते हुए ट्यूबवेल का कनेक्शन काट दिया।जिससे गांव की जलापूर्ति बंद हो गई।महिलाओं को दूर दराज जाकर खेतों से पानी लाना पड़ रहा हैं।गीता देवी सुथार ने बताया कि पिछले कई वर्षों से गांव में पेयजल आपूर्ति के लिए बराटिया रोड पर ट्यूबवेल लगाया गया था।इसी ट्यूबवेल से जलजीवन मिशन के तहत गांव के लगभग 165 घरों में नल कनेक्शन दिए गए थे।ट्यूबवेल की देखरेख और पानी सप्लाई के लिए गांव के ही युवक महेन्द्र सिंह को मासिक मेहनताने पर रखा गया है।उसके वेतन के भुगतान के लिए प्रत्येक कनेक्शनधारी परिवार से प्रति माह 100 रुपए लिए जाते हैं।ग्रामीणों का यह भी कहना है कि गांव में पानी की समस्या का स्थायी समाधान आज तक नहीं हो पाया है।तत्कालीन सरपंच रतनलाल गुर्जर के कार्यकाल में वर्ष 2008 में गांव में पानी की टंकी का निर्माण तो कराया गया,लेकिन विभागीय उदासीनता के चलते यह टंकी आज तक शुरू ही नहीं हो सकी।ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि बकाया बिजली बिल का भुगतान कराकर ट्यूबवेल का कनेक्शन जल्द बहाल किया जाए,ताकि गांव में पेयजल आपूर्ति पुनः शुरू हो सके और ग्रामीणों को राहत मिल सके।साथ ही वर्षों से बंद पड़ी पानी की टंकी को भी शुरू करने की मांग की है,ताकि भविष्य में जल संकट की स्थिति उत्पन्न न हो।उधर,ग्राम विकास अधिकारी रामभवर सिंह राणावत ने बताया कि उक्त बकाया राशि का भुगतान करने का प्रयास कर रहे है शनिवार तक नल कनेक्शन सुचारू हो जाएंगे।
