जिला अस्पताल में एंबुलेंस चालकों की खुलेआम गुंडागर्दी, मरीज के परिजन के साथ की मारपीट,वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल

पुनित चपलोत

भीलवाड़ा // जिले के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल महात्मा गांधी चिकित्सालय में एक बार फिर अव्यवस्थाओं और दबंगई का मामला सामने आया है। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के बाहर निजी एम्बुलेंस चालकों द्वारा मरीज के परिजनों से मारपीट और बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, एक महिला मरीज की हालत गंभीर होने पर उसे उदयपुर हायर सेंटर रेफर किया गया था। इसी दौरान निजी एम्बुलेंस चालक आनंद शर्मा उर्फ आलिया और दीपक शर्मा मरीज के परिजनों से किराया तय करने लगे।

*मनमाना किराया वसूली का आरोप*

आरोप है कि मनमाना किराया मांगने को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। वायरल वीडियो में दोनों चालक परिजनों के साथ सरेआम हाथापाई करते और अभद्र भाषा का प्रयोग करते नजर आ रहे हैं। यहां तक कि उन्होंने पुलिस के खिलाफ भी अपशब्द कहे।

*घटनाक्रम को लोगो ने किया मोबाइल में कैद*

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पूरा घटनाक्रम अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आते ही पुलिस हरकत में आई और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

*नही रुक रही एंबुलेंस चालको की दबंगई*

स्थानीय लोगों का आरोप है कि अस्पताल के बाहर पिछले काफी समय से निजी एम्बुलेंस चालकों की दबंगई बढ़ती जा रही है। वे मरीजों और उनके परिजनों से मनमाना किराया वसूलते हैं और विरोध करने पर बदसलूकी तक उतर आते हैं। लगातार शिकायतों के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से आमजन में रोष है।

*पूर्व में भी पुलिसकर्मी के साथ बदसलूकी का वीडियो हुआ था वायरल*

गौरतलब है कि इससे पहले भी एक आरोपी एम्बुलेंस चालक का भीमगंज थाने के पुलिसकर्मी से बदसलूकी का वीडियो सामने आ चुका है। इसके बावजूद सख्त कार्रवाई नहीं होने से इनके हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं।

*पुलिस और प्रशासन लेंगे कुछ एक्शन या फिर…..*

अब देखना होगा कि इस बार पुलिस और प्रशासन इस मामले में कितनी सख्ती दिखाते हैं और अस्पताल परिसर में व्यवस्था सुधारने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं ।