जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने ली बैठक, जिले में एलपीजी, पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध- जिला कलेक्टर

जिले में एलपीजी, पेट्रोल व डीजल वितरण व्यवस्था सुदृढ़ व सुचारू रखने के दिए निर्देश, कालाबाजारी पर होगी कड़ी कार्रवाई

भीलवाड़ा, 24 मार्च। जिला कलेक्टर श्री जसमीत सिंह संधू ने बताया कि जिले में पर्याप्त मात्रा में एलपीजी, पेट्रोल, डीजल का स्टॉक है। मध्य-पूर्व एशिया में चल रहे संघर्ष के मद्देनज़र मुख्य सचिव द्वारा मंगलवार को आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस में एलपीजी, पेट्रोल ,डीजल आपूर्ति एवं वितरण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू ने बताया कि उज्ज्वला योजना के लाभार्थी 45 दिवस में गैस बुकिंग करा सकेंगे, जबकि गैर-उज्ज्वला उपभोक्ता 25 दिवस में बुकिंग करेंगे। 5 किलोग्राम उज्ज्वला कनेक्शन धारक 16 दिवस एवं गैर-उज्ज्वला कनेक्शन धारक 9 दिवस में बुकिंग कर सकेंगे।

जिले की समस्त गैस एजेंसियों एवं प्रमुख पेट्रोल पंपों की नियमित जांच कर पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की अनावश्यक घबराहट (पैनिक) न करें। विभाग द्वारा समय-समय पर आवश्यक सूचनाएं जारी की जाएंगी।

गैस रिफिलिंग, जमाखोरी एवं कालाबाजारी जैसे अवैध कार्यों में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

*10 किलोग्राम के दोनों कंपोजिट सिलेंडर में यह रहेगी व्यवस्था*

10 किलोग्राम कंपोजिट सिलेंडर के मामले में उज्ज्वला योजना के उपभोक्ता इस श्रेणी में मान्य नहीं होंगे। गैर-उज्ज्वला उपभोक्ता 18 दिवस में बुकिंग करा सकते है।

*शिकायतों का त्वरित निस्तारण*

मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि हेल्पलाइन नंबर 112, 181 एवं 14435 पर प्राप्त शिकायतों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसमें कालाबाजारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने एवं 6 ए तथा एफआईआर के तहत कार्रवाई करने के निर्देश प्रदान किए।

*पीएनजी का विस्तार*

अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि औद्योगिक क्षेत्रों में पीएनजी के विस्तार को प्राथमिकता दी जाए। इसके लिए औद्योगिक इकाइयों, होटल उद्योग, आपूर्तिकर्ताओं एवं संबंधित विभागों (यूआईटी, नगर निगम आदि) के साथ समन्वय कर संयुक्त बैठक आयोजित कर कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।