जोगणिया धाम में शिवशक्ति महायज्ञ व पाटोत्सव शुरू

बेगूं-लाडपुरा | धार्मिक और सामाजिक समाचार

जोगणिया धाम में शिवशक्ति महायज्ञ व पाटोत्सव शुरू: विधायक डॉ. सुरेश धाकड़ ने किया शुभारंभ; कंजर समाज धर्मशाला की रखी आधारशिला

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच निकली भव्य कलश यात्रा, 7 दिनों तक गूंजेंगे नवार्ण महामंत्र; विधायक ने धर्मशाला निर्माण के लिए दिए 5 लाख रुपये, मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त बंजारा भी रहे मौजूद
विशेष ग्राउंड रिपोर्ट: शिव जांगिड़ (लाडपुरा)

लाडपुरा/बेगूं, 4 जून। मेवाड़ के प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री जोगणियां माताजी में गुरुवार से सप्त दिवसीय शिवशक्ति महायज्ञ एवं कलश प्रतिष्ठा वार्षिक महोत्सव (पाटोत्सव) का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधानों के साथ हुआ। आयोजन के प्रथम दिन माता के दरबार में भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में मातृशक्ति और श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

जोगणिया माता शक्तिपीठ प्रबंधन एवं विकास संस्थान के अध्यक्ष सत्यनारायण जोशी ने बताया कि इस धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक डॉ. सुरेश धाकड़ के मुख्य आतिथ्य एवं महंत सोहनगिरी बालोतरा की पावन उपस्थिति में पंडितों के वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया। महोत्सव के अंतर्गत सात दिनों तक शतचंडी दुर्गापाठ, महारुद्र हवन, चतुर्वेद पारायण तथा नवार्ण महामंत्र के 11 लाख जप सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। 6 जून को बगड़ावत भारत का मंचन तथा 9 जून को विशाल रात्रि जागरण आयोजित होगा। 10 जून को पूर्णाहुति होगी।

कंजर समाज धर्मशाला के लिए विधायक ने दिए 5 लाख रुपए:

धार्मिक उत्सव के साथ ही जोगणियांमाता में गुरुवार को विधायक डॉ. सुरेश धाकड़ के मुख्य आतिथ्य में कंजर समाज के लिए प्रस्तावित धर्मशाला निर्माण कार्य की आधारशिला रखी गई। संस्थान द्वारा उपलब्ध करवाए गए भूखंड पर बनने वाली इस धर्मशाला के भूमि पूजन के अवसर पर विधायक ने विधायक मद से ₹5 लाख देने की घोषणा की और कहा कि समाज को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे।

शिलान्यास समारोह में ये रहे उपस्थित:
समारोह में मध्य प्रदेश विमुक्त, घुमंतू एवं अर्धघुमंतू समुदाय विकास अभिकरण के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त बाबूलाल बंजारा, घुमंतू समाज प्रदेश अध्यक्ष मुन्ना नाथ जावरा, रामसिंह बंजारा, रतनलाल, दिलीप बंजारा, सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश बंजारा सहित अनेक समाजजन उपस्थित रहे।

इसके साथ ही विधायक प्रतिनिधि शंभूलाल धाकड़, थानाधिकारी कमलचंद मीणा, भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष मदन गोपाल धाकड़, जिला परिषद सदस्य प्रभुलाल धाकड़, पूर्व पार्षद राजू लेंद्र सुराणा, दीपक पंचोली तथा जोगणिया माता संस्थान के कन्हैयालाल मेवाड़ा, सुरजमल गुर्जर, सीता राम धाकड़, लक्ष्मण धाकड़, डॉ सतीश शर्मा, महेश सोनी, रामनारायण मेवाड़ा, व्यवस्थापक शंकर लाल धाभाई, महेंद्र सोलंकी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।