सांसद दामोदर अग्रवाल पुनः संसद सदस्यों के वेतन-भत्तों संबंधी संयुक्त समिति के सदस्य नामित

दूसरी बार मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी, भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर

भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल को संसद सदस्यों के वेतन, भत्तों एवं अन्य सुविधाओं संबंधी संयुक्त समिति का सदस्य पुनः नामित किया गया है। सांसद अग्रवाल को लगातार दूसरी बार इस महत्वपूर्ण समिति में स्थान मिलने पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में हर्ष का माहौल है।

सांसद प्रवक्ता विनोद झुरानी ने जानकारी देते हुए बताया कि संसद की यह संयुक्त समिति सांसदों के वेतन, दैनिक भत्तों, यात्रा सुविधाओं तथा अन्य संसदीय सुविधाओं से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श कर अपनी अनुशंसाएं प्रस्तुत करती है। इस समिति में अनुभवी एवं सक्रिय सांसदों को शामिल किया जाता है।

उन्होंने बताया कि दामोदर अग्रवाल को दूसरी बार समिति का सदस्य बनाए जाना उनके संसदीय अनुभव, सक्रियता और संगठनात्मक कार्यशैली का परिणाम है। संसद में विभिन्न मुद्दों पर उनकी सक्रिय भागीदारी एवं क्षेत्रीय विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को देखते हुए यह जिम्मेदारी पुनः सौंपी गई है।

सांसद अग्रवाल के पुनः सदस्य नामित होने की सूचना मिलते ही भीलवाड़ा जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने खुशी व्यक्त की। कई कार्यकर्ताओं ने इसे जिले के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि इससे भीलवाड़ा का प्रतिनिधित्व राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूत होगा।

भाजपा पदाधिकारियों एवं समर्थकों ने सांसद अग्रवाल को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं तथा विश्वास जताया कि वे नई जिम्मेदारी का निर्वहन भी पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ करेंगे।