हनुमान टेकरी पर श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ महोत्सव में कई संत महात्माओं का मिला सानिध्य
भीलवाड़ा, 13 नवम्बर। स्मार्ट हलचल।कलयुग में प्रभु नाम का सुमिरन करने मात्र से सारे पाप,ताप, संताप मिट जाते है ओर सर्व सुखों की प्राप्ति होती है। राम से बड़ा राम का नाम है जिसकी महिमा अपरम्पार है। हरि नाम लेने के लिए समय का इन्तजार नहीं करे क्योंकि व्यक्ति ये तो जानता है कि उसकी दौलत कितनी है लेकिन ये नहीं पता कि उसके पास समय कितना है। जीवन में एक क्षण का भरोसा नहीं है ओर जिंदगी के अंतिम पलों में न माया ओर न काया काम आती है। जीवन में खुशहाल ओर संतोषी बनना है तो ईश्वर ओर मौत को हमेशा याद रखे ओर उपकार ओर अपमान को भूल जाए। ये विचार छोटी हरणी स्थित श्री टेकरी के बालाजी काठियाबाबा आश्रम पर महन्त बनवारीशरण काठियाबाबा के सानिध्य में श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ महोत्सव आयोजन के तीसरे दिन शुक्रवार को व्यासपीठ से वृन्दावन के प्रख्यात कथावाचक गौरक्षक आचार्य महेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने व्यक्त किए। तीसरे दिन जड़भरत संवाद, नृसिंह अवतार, वामन अवतार आदि प्रसंगों का वाचन किया गया। कथा के दौरान कई संत महात्माओं का सानिध्य भी प्राप्त हुआ।
कथा में आचार्य शास़्त्री ने कहा कि कलयुग को क्लेश का युग भी कह सकते है जिसमें भागवत कथा शांति का अनुभव कराती है। जीवन में जो अपना नहीं उस पर भी हक जमाए तो महाभारत की शुरूआत होती है। दूसरों की संपति पर हक जमाने की बजाय जो अपना है उसका भी त्याग करने का मन हो जाए तो समझ लेना जीवन में संतोष प्रदान करने वाले भागवत तत्व का प्रवेश हो गया है। उन्होंने कहा कि ये कलयुग का ही प्रभाव है कि माता पिता की संपति पर अधिकार बता उस पाने के लिए केस करते है पर उनकी सेवा का अधिकार पाने के लिए कोई आगे नहीं आता।
उन्होंने कुव्यसनों के त्याग की प्रेरणा देते हुए कहा कि नशा परिवार को बर्बाद कर देता है। नशा करना ही है तो प्रभु भक्ति का करो अपेय का पान करने से जीवन का पतन होता है। छल कपट ओर अनीति से कमाई जाने वाली संपति कुछ वर्ष भले टिक जाए पर अंत में समूल नाश का कारण बन जाती है। उन्होंने ध्रुव प्रसंग वाचन के दौरान कहा कि मां से मिले संस्कार व ज्ञान जीवन का आधार होता है। इन्हीं संस्कारों व ज्ञान के आधार पर व्यक्ति के व्यक्तिव का निर्माण होता है ओर उसका जीवन आगे बढ़ता है। मां ही बच्चें की प्रथम गुरू होती है ओर वह ही उसकी जिंदगी की नींव तैयार करती है।
भागवत कथा के दौरान भजनों की रसधारा पांडाल में प्रवाहित होती रही। व्यास पीठ से भजन प्रारंभ होते सामने बैठे श्रद्धालुओं के कदम भक्ति भावना से ओतप्रोत होकर थिरकने लगते।
तीसरे दिन की कथा विश्राम पर व्यास पीठ की पूजा एवं आरती करने वालों में हरिशेवाधाम के महामंडलेश्वर हंसारामजी महाराज, हाथीभाटा आश्रम के महन्त संतदास महाराज, पंचमुखी बालाजी मंदिर रीको के पुजारी मुरारी पांडे, संत गोविन्दराम, संत इशानराम आदि संत महात्मा शामिल थे। सभी संत महात्माओं का कथा सूत्रधार महन्त बनवारीशरण काठियाबाबा के साथ व्यास पीठ पर विराजित आचार्य महेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने स्वागत किया। व्यासपीठ की आरती कर आशीर्वाद प्राप्त करने वाले श्रद्धालुओं में मनोज भट्ट, एसएस गंभीर, सुभाष चुघ, कमल वैशनानी, मुकेशकुमार, जतनसिंह, नितिन शर्मा, दिलीप चौधरी, सुजीत सिंह, अविनाश, गोपाल चौधरी, विष्णु काबरा, ममता सोनी, उषा शर्मा, आशा सोनी आदि शामिल थे। कथाश्रवण करने के लिए छोटी हरणी एवं भीलवाड़ा के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहंुचे थे। श्रीमद् भागवत कथा का वाचन प्रतिदिन दोपहर एक से शाम 5 बजे तक हनुमान टेकरी परिसर में हो रहा है। कथा में चौथे दिन शनिवार को श्रीराम एवं श्रीकृष्ण जन्मोत्सव प्रसंग का वाचन होगा। कथा के दौरान हरणी महादेव मुख्य मार्ग से हनुमान टेकरी तक के मार्ग पर विशेष सजावट की गई है।