पुनित चपलोत
भीलवाड़ा // शहर के भीमगंज थाना क्षेत्र में एक मकान के कमरे से 3–4 दिन पुरानी सड़ी-गली लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घर से तेज बदबू आने पर पड़ोसियों को शक हुआ, जिसके बाद कमरे में एक युवक का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार मामला भीमगंज थाना क्षेत्र के दादाबाड़ी स्थित कोली मोहल्ले का है। शनिवार को यहां एक मकान के कमरे में युवक की करीब तीन से चार दिन पुरानी लाश मिलने से हड़कंप मच गया। बदबू आने पर पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने कमरे के दरवाजे को धक्का दिया तो अंदर युवक का शव पड़ा देख उसकी चीख निकल गई। इसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो कमरे में युवक के आसपास खून फैला हुआ मिला। शव कई जगह से सड़ चुका था। हालात को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल और एमओबी टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए।बीपुलिस के अनुसार मृतक की पहचान पृथ्वीराज कोली के रूप में हुई, जो दिहाड़ी मजदूरी करता था और नशे का आदी बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि जिस कमरे में पृथ्वीराज का शव मिला, वहीं उसी मकान में उसकी पत्नी अपने दो बच्चों के साथ रहती है। हालांकि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से अनबन चल रही थी।बीथाना प्रभारी सुनील चौधरी ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मृतक पृथ्वीराज अलग कमरे में रहता था और अक्सर बाहर ही खाना खाता था। पत्नी उसी मकान में रहने के बावजूद चार दिन तक उसकी कोई जानकारी नहीं लेना पुलिस के लिए संदेह का विषय है।बीपुलिस का कहना है कि यह मौत सामान्य है, आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और कारण है, इसकी हर पहलू से जांच की जा रही है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया गया, जहां मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
