भीलवाड़ा । भारतीय जैन संघटना भीलवाड़ा चेप्टर की तीनों इकाईयों – पुरुष,महिला एवं यूथ विंग के संयुक्त तत्वावधान में 77 वां गणतन्त्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। महामंत्री अरविंद झामड़ एवं महिला महामन्त्री किरण सेठी ने जानकारी देते हुए बताया कि एक अनूठी काव्यपाठ प्रतियोगिता के साथ ही गणतन्त्र का उत्सव मनाया गया। सबसे पहले समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में श्री गिरीश पांडे पूर्व रजिस्ट्रार जनरल जोधपुर हाईकोर्ट एवं पूर्व रेवेन्यू बोर्ड मेम्बर,शांति लाल बरड़िया सदस्य राष्ट्रीय लोक अदालत। साथ ही बीजेएस के प्रांतीय संरक्षक राजेन्द्र गोखरू प्रांतीय उपाध्यक्षा पुष्पा गोखरू स्थानीय चेप्टर संरक्षक आर एल टुकलिया अध्यक्ष अनिल कोठारी, अध्यक्षा मधु लोढ़ा,प्रोजेक्ट हेड अनुराधा चौधरी ने समवेत रूप से ध्वजारोहण किया। उपस्थित सदस्यों एवं मातृशक्ति ने राष्ट्रगान गायन किया। कार्यक्रम में 16 प्रतिभागियों
द्वारा प्रस्तुत किया गया काव्य पाठ कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। प्रतिभागियों ने आजादी, राष्ट्रभक्ति, संविधान, शहीदों के बलिदान और तिरंगे की शान जैसे विषयों पर भावपूर्ण काव्य रचनाएँ प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत कर दिया। हर प्रस्तुति में भाव, ओज, जोश और संवेदनशीलता का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिससे संपूर्ण वातावरण राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग गया।
काव्य पाठ के माध्यम से न केवल स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास को स्मरण किया गया, बल्कि युवाओं में देशभक्ति, कर्तव्यबोध और राष्ट्रीय चेतना का संदेश भी प्रभावी रूप से प्रसारित हुआ।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथिगण एवं श्रोताओं ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों की मुक्तकंठ से सराहना की और इसे समारोह का गौरवपूर्ण एवं प्रेरणादायक क्षण बताया। कार्यक्रम में गोवर्धन सिंह क़ावड़िया नवनिर्वाचित शहर संघ अध्यक्ष का भी सानिध्य प्राप्त हुआ
कोषाध्यक्ष जितेंद्र डाँगी एवं अरुणा पोखरणा ने बताया कि सभी प्रतिभागियों को पारितोषिक देकर सम्मानित किया गया साथ ही इस अवसर पर नन्ही बालिका जियांशी जैन के द्वारा आजादी पर नृत्य करने के अवसर पर भी उन्हें पारितोषिक से नवाजा गया। साथ ही कार्यक्रम में पधारे सभी सदस्यों को भी इस अवसर
महिलाओं को सुंदर सा बैग व पुरुषों को पेन द्वारा स्वागत सम्मान किया गया। कार्यक्रम में अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई साथ इस अवसर पर होने वाली जनरल मीटिंग मे विगत वर्ष के कार्यक्रमों का ब्यौरा प्रस्तुत किया एवं समीक्षा भी की साथ ही पूरे वर्ष में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की रूपरेखा भी तय की गई।
अंत मे देशभक्ति गानों पर थिरकते हुए सभी ने एक दूसरे को बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित की। युवा विंग के कोषाध्यक्ष हुक्मीचंद खटोड़ मनीष सेठी आदि ने सभी का आभार व्यक्त किया।













