ग्रामीणों की पहल रंग लाई, एसडीएम के निर्देश पर नाड़ी से हटाया गया अतिक्रमण

 

अलकेश पारीक

खजूरी/जहाजपुर, स्मार्ट हलचल। उपतहसील मुख्यालय खजूरी की ग्राम पंचायत उलेला के गड़बोदिया गांव में मनरेगा योजना के तहत स्वीकृत नाड़ी गहरीकरण कार्य में आ रही बाधा को प्रशासन ने तत्परता से दूर कर दिया। ग्रामीणों द्वारा उपखंड अधिकारी (एसडीएम) जहाजपुर को ज्ञापन सौंपकर नाड़ी में हुए अतिक्रमण को हटाने की मांग की गई थी।
जानकारी के अनुसार मनरेगा योजना के अंतर्गत स्वीकृत नाड़ी गहरीकरण कार्य (कार्य आईडी: 2724010126/WC/1129088049) शुरू करने के लिए श्रमिक मौके पर पहुंचे थे। इस दौरान गांव के निवासी संग्राम पुत्र छितर गुर्जर द्वारा नाड़ी क्षेत्र में किए गए अतिक्रमण के कारण कार्य शुरू नहीं हो सका और श्रमिकों को वापस लौटना पड़ा। इससे ग्रामीणों में नाराजगी व्याप्त हो गई।
ग्रामीणों ने एकजुट होकर उपखंड अधिकारी जहाजपुर को ज्ञापन सौंपा और सार्वजनिक उपयोग की नाड़ी से अतिक्रमण हटाने की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसडीएम के निर्देश पर गिरदावर अशोक धाकड़, पटवारी भावना लालवानी एवं ग्राम सचिव सियाराम मीणा की टीम मौके पर पहुंची। शक्करगढ़ पुलिस जाप्ते की मौजूदगी में शांतिपूर्ण ढंग से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई संपन्न कराई गई।
ग्रामीणों ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इससे मनरेगा कार्यों का मार्ग प्रशस्त हुआ है और गांव की जल संरक्षण व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।