8 वर्षीय मासूम सहित दो घायल, भीलवाड़ा रेफर,गांव में पसरा मातम..
शाहपुरा@(किशन वैष्णव )नई राज्यास-खामोर मार्ग पर गुरुवार रात हुआ भीषण सड़क हादसा एक परिवार की खुशियां छीन ले गया। खामोर गांव में आयोजित सामाजिक कार्यक्रम से लौट रहे युवक की पिकअप और बाइक की जोरदार भिड़ंत में मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
हेड कांस्टेबल प्रहलाद मीणा ने बताया कि नई राज्यास निवासी विनोद पुत्र छीतरलाल बाबरी (32) गुरुवार रात खामोर गांव में आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब 9 बजे नई राज्यास-खामोर रोड पर एक तेज रफ्तार पिकअप और बाइक में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे, वहीं टक्कर के बाद पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में विनोद बाबरी गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं रिया पुत्री दिनेश बावरी (8) तथा 40 वर्षीय अमरसिंह पुत्र नरेंद्र बावरी भी घायल हुए। हालांकि दोनों घायल बाइक पर सवार थे या पिकअप में मौजूद थे, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक स्थानीय लोगों और परिजनों की सहायता से घायलों को शाहपुरा जिला चिकित्सालय पहुंचा दिया गया था। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने विनोद बाबरी को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल रिया और अमरसिंह की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को भीलवाड़ा जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
घटना की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि विनोद मिलनसार और सामाजिक स्वभाव के व्यक्ति थे, जिनकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मृतक विनोद के भाई दूदाराम ने पुलिस को हादसे की रिपोर्ट दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने गुरुवार रात मृतक के शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया गया। इसके बाद गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि नई राज्यास-खामोर मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
